उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इस हफ्ते अभी इस सर्दी से राहत मिलने का अनुमान भी नहीं है। भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, राजधानी नई दिल्ली में शुक्रवार को घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार को घने कोहरा का अनुमान है। दिल्ली शहर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सात से 18 डिग्री के बीच रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है।

हिमाचल में हुई हल्की बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में  ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने से राज्य  में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है। ऊपरी शिमला क्षेत्र के नारकंडा और खदराला में, बुधवार रात पांच सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि मंडी, सुंदरनगर और नालागढ़ में घना कोहरा छाया रहा। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को निचले पर्वतीय इलाकों में घना कोहरा छाये रहने की चेतावनी दी है और 24 जनवरी तक इस क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान किया है।

पंजाब-हरियाणा का कैसा है हाल

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। दोनों राज्य के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दोनों राज्यों में अमृतसर, पटियाला, मोहाली, अंबाला सहित कई स्थानों पर कोहरा छाया हुआ है।

IMD की एक रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के अन्य स्थानों में पटियाला में तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ भी शीतलहर की चपेट में रही, जहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पड़ोसी राज्य हरियाणा में, भिवानी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।