Delhi Accident: देश की राजधानी दिल्ली के नारायणा इलाके में रविवार (8 जनवरी) को एक फैक्ट्री की लिफ्ट नीचे गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में एक मजदूर के घायल होने की जानकारी है। बता दें कि यह दर्दनाक हादसा नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया में में स्थित गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री में हुआ। मालूम हो कि फैक्ट्री की लिफ्ट नीचे गिरने के समय वहां काम करने वाले चार मजदूर मौजूद थे।

Delhi Accident- घायल मजदूर को बीएलके अस्पताल में कराया गया भर्ती:

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार यह इंडस्ट्रियल एरिया पश्चिमी दिल्ली के नारायणा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वहीं इस इंडस्ट्रियल एरिया के फेस-1 के ए78 फैक्ट्री में हुआ। जहां फैक्ट्री की लिफ्ट टूटने की वजह से तीन लोगों की जान गई है। बता दें कि तीनों कामगार इस फैक्ट्री में काम करते थे। वहीं जो मजदूर इस हादसे में घायल हुआ है कि उसे बीएलके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लिफ्ट में आई थी तकनीकी खराबी:

बताया जा रहा है कि लिफ्ट में कुछ तकनीकी खराबी आने की वजह से लिफ्ट नीचे आ गिरी। वहीं मरने वाले मजदूर सफाई कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पुलिस को डीडीयू अस्पताल और बीएलके कपूर अस्पताल से इस हादसे को लेकर शाम करीब पौने 6 बजे जानकारी मिली।

जिनकी गई जान:

बता दें कि जिन लोगों की इस हादसे में जान गई है, उनमें दीपक कुमार (26) पुत्र कमल सिंह, कुलवंत सिंह(30) पुत्र जसविंदर सिंह शामिल हैं। ये दोनों जेजे कॉलोनी (इंद्रपुरी) के निवासी थे। वहीं, जान गंवाने वाला तीसरे मजदूर का नाम सनी(33) पुत्र पूरन है। वह दिल्ली के नारायण विहार (किरारी) के रहने वाला था। तीनों को फैक्ट्री से मृत अवस्था में डीडीयू अस्पताल लाया गया था।

गौरतलब है कि घायल मरीज का नाम सूरज (24) पुत्र ओम रिशाल है। उसे घायल अवस्था में बीएलके अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है। घायल मजदूर सूरज पालिका धाम (गोल मार्केट, दिल्ली) का ही निवासी है।