Delhi MCD Polls: दिल्ली एमसीडी चुनाव में रविवार (20 नवंबर, 2022) को चुनाव प्रचार के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा (Assam CM Himanta Biswa Sarma) ने लव जिहाद को लेकर बयान दिया। सरमा (Sarma) ने कहा कि हमारे देश को श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी आफताब की नहीं, बल्कि राम जैसे भगवान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) जैसे इंसान की जरूरत है।

हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि हमें लव जिहाद के खिलाफ समान नागरिक संहिता और कानून की जरूरत है। हमें ऐसे कानूनों की जरूरत है, जहां आफताब को फांसी दी जा सके।

सरमा (Sarma) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल नौटंकी करने में सबसे आगे हैं। उन्हें लगता है कि हिंदू दुश्मन हैं, लेकिन क्या बिना हिंदुओं के भारत हो सकता है। सरमा ने कहा कि केजरीवाल को सीएए (कार्यान्वयन) के दौरान दिल्ली में हुए दंगों के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह बता रहा है कि चुनाव का परिणाम क्या होगा। भाजपा इस चुनाव को जीतेगी। हिमंत बिस्वा सरमा लगातार आप और अरविंद केजरीवाल पर हमलावर हैं। हाल ही में उन्होंने अरविंद केजरीवाल को एक असफल राजनीतिक स्टार्टअप बताया था।

अरविंद केजरीवाल पूरे देश के एक मात्र ऐसे मुख्यमंत्री जिनके पास कोई मंत्रालय नहीं: जितेंद्र सिंह

इस दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता दिल्ली की सड़कों पर उतरे हैं, जिससे दिल्ली के लोगों को समझा सकें कि कैसे आम आदमी पार्टी ने लोगों को ठगा है। यह आम आदमी पार्टी नहीं, बल्कि फेक (FAKE) आदमी पार्टी है। जब यह आए थे इन्होंने कहा था कि यह यमुना साफ करेंगे, दिल्ली को लंदन बनाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह जो ढकोसले वाली पार्टी है, उससे दिल्ली को बचाना है। यह वही लोग हैं जो चुनाव से पहले फटी चपलें, बिना बटन की कमीज, छेद वाला मफलर पहनते थे और आज कारवां लेकर गुजरात में प्राइवेट जेट से जाते हैं। यह पूरे देश के मात्र एक मुख्यमंत्री जिनके पास न कोई विभाग न मंत्रालय है।

अन्ना हजारे के साथ धोखा हुआ: मनोहर लाल खट्टर

दिल्ली के नरेला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि एक धोखा अन्ना हजारे के साथ हुआ। एक दिन उन्होंने भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई जो लोगों को बहुत पसंद आई और केजरीवाल की सरकार बना दी।

इससे पहले शनिवार को हिमंत बिस्वा सरमा ने दिल्ली के श्रद्धा हत्याकांड को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि यह हत्या लव जिहाद का मामला है। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर भारत को एक ताकतवर नेता या अपनी मां को मां की तरह सम्मान देने वाली सरकार नहीं मिली तो हर शहर में आफताब जैसा इंसान पैदा होगा। यही कारण है कि देश को तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनना चाहिए।

4 दिसंबर को होगी एमसीडी चुनाव को लेकर वोटिंग

एमसीडी चुनाव के 250 वार्डों के लिए मतदान 4 दिसंबर को होगा और वोटों की गिनती 7 दिसंबर को होगी। भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने रविवार को एक रोड शो में हिस्सा लिया। दिल्ली नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए रोड शो में असम के सीएम के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर और उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए।