MCD Mayor Elections : एमसीडी के नव निर्वाचित पार्षद शुक्रवार को नई दिल्ली शहर का नया मेयर चुनेंगे। दिल्ली एमसीडी मेयर पद के लिए आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शैली ओबेरॉय (Shelly Oberoi) और भारतीय जनता पार्टी ने रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) को मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि डिप्टी मेयर पद का चुनाव आम आदमी पार्टी के आले मोहम्मद इकबाल और भाजपा के कमल बागड़ी के बीच होगा।
जानिए प्रमुख उम्मीदवारों को
आम आदमी पार्टी की मेयर पद उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ईस्ट पटेल नगर की पार्षद हैं। वह पहली बार पार्षद चुनी गई हैं। शैली की प्रतिद्वंदी उम्मीदवार रेखा गुप्ता तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वह शालीमार बाग से चुनी गई हैं। डिप्टी मेयर पद (Deputy Mayor Post) के उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल चांदनी महल वार्ड के पार्षद हैं। वह तीन बार पार्षद चुने जा चुके हैं। वह शोएब इकबाल के बेटे हैं। भाजपा के कमल बागड़ी पहली बार पार्षद चुने गए हैं। वह दलित समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।
स्टैंडिंग कमेटी के लिए इनमें मुकाबला
भाजपा ने स्टैंडिंग कमेटी के लिए कमलजीत शेहरावत, गजेन्द्र दराल और पंकज लूथरा को चुना है। आम आदमी पार्टी की तरफ से स्टैंडिंग कमेटी के लिए आमिल मलिक, रामिंदर कौर, मोहिनी जीनेवाल और सारिका चौधरी के नाम का ऐलान किया गया है।
कांग्रेस रहेगी मतदान से दूर
एमसीडी में आम आदमी पार्टी के 134, भाजपा के 104 और कांग्रेस के 9 पार्षद चुने गए हैं। कांग्रेस ने तय किया है कि वह मेयर चुनाव से दूर रहेगी। गुरुवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ऐलान किया कि एमसीडी हाउस में नाजिया दानिश उनकी नेता होंगी जबकि शीतल डिप्टी लीडर और शागुफ्ता चौधरी चीफ व्हिप होंगी।
LG ने भाजपा नेता को चुना प्रीसाइडिंग अफसर
दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने भाजपा की पार्षद सत्या शर्मा को पहली हाउस मीटिंग के लिए प्रीसाइडिंग अफसर चुना है। इस मीटिंग में ही नए पार्षदों को शपथ दिलवाई जाएगी।
चुनाव में कौन-कौन कर सकता है वोट?
एमसीडी मेयर चुनाव हर साल वित्त वर्ष की शुरुआत में होते हैं। एमसीडी चुनाव में चुने गए पार्षदों के अलावा 14 विधायक और 10 सासंद भी वोट डालते हैं। इन 14 विधायकों में से ज्यादातर आम आदमी पार्टी के हैं जबकि 10सांसदों में से 7 भाजपा के हैं। LG द्वारा मनोनीत पार्षदों को मेयर चुनाव में वोट डालने का अधिकार नहीं है।
