दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी ने सात वार्डों में बाजी मारी है। वहीं आम आदमी पार्टी ने तीन सीटें हासिल की है। इस उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी का भी खाता खुला है। संगम विहार ए वार्ड में कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने 12,766 वोट हासिल कर भाजपा उम्मीदवार को 3,628 वोटों के अंतर से हराया। साथ ही एक सीट ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने जीती है।
| क्रम संख्या | वार्ड का नाम | विजेता और पार्टी |
| 1 | ग्रेटर कैलाश | अंजुम मंडल (भाजपा) |
| 2 | शालीमार बाग बी | अनीता जैन (भाजपा) |
| 3 | अशोक विहार | वीना असीजा (भाजपा) |
| 4 | चांदनी चौक | सुमन कुमार गुप्ता (भाजपा) |
| 5 | चांदनी महल | मोहम्मद इमरान (ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक) |
| 6 | द्वारका बी | मनीषा देवी (भाजपा) |
| 7 | दिचाऊं कलां | रेखा रानी (भाजपा) |
| 8 | नारायणा | राजन अरोड़ा (आप) |
| 9 | संगम विहार ए | सुरेश चौधरी (कांग्रेस) |
| 10 | दक्षिण पुरी | राम स्वरूप कनौजिया (आप) |
| 11 | मुंडका | अनिल (आप) |
| 12 | विनोद नगर | सरला चौधरी (भाजपा) |
कब हुई थी वोटिंग: 30 नवंबर को वोटिंग हुई थी और सभी 12 वार्डों में 38.51 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। इस चुनावी मुकाबले में कुल 51 कैंडिडेट हैं। इनमें 26 महिला और 25 पुरुष कैंडिडेट हैं। 250 सदस्यीय एमसीडी सदन में बीजेपी के पास वर्तमान में 116 सीटें हैं, आप के पास 99, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पास 15 और कांग्रेस के पास 8 सीटें हैं। भाजपा के लिए, इस साल विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत के बाद यह पहला बड़ा चुनाव है। दूसरी ओर, आप और कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपना समर्थन फिर से बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।
दिल्ली एमसीडी उपचुनाव के रिजल्ट की हर अपडेट के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
कहां पर कितनी हुई वोटिंग
चांदनी महल – 55.93%, मुंडका – 44.5%, संगम विहार ए – 44.4%, नारायणा – 42.76%, दक्षिण पुरी – 40.23%, शालीमार बाग बी – 37.53%, दिचाऊं कलां – 37.2%, विनोद नगर – 36.46%, चांदनी चौक – 35.65%, अशोक विहार – 33.82%, द्वारका बी – 29.76%, ग्रेटर कैलाश – 26.76%
सीएम श्री स्कूल में स्थापित मतगणना केंद्र के बाहर के विजुअल सामने आए
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के उपचुनाव के नतीजे आज मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे। राउज एवेन्यू स्थित सीएम श्री स्कूल में स्थापित मतगणना केंद्र के बाहर के विजुअल सामने आए हैं। इन नतीजों से मुख्य प्रतिद्वंद्वियों, भाजपा और आप, की मतदाताओं पर पकड़ का पता चलेगा और यह उपचुनावों में एक अन्य प्रमुख प्रतियोगी, कांग्रेस के लिए दिल्ली में अपनी खोई हुई ज़मीन वापस पाने का एक अवसर भी होगा।
कहां-कहां हो रही मतगणना
एसईसी ने दिल्ली भर में 10 मतगणना केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें कंझावला, पीतमपुरा, भारत नगर, सिविल लाइन्स, राउज़ एवेन्यू, द्वारका, नजफगढ़, गोले मार्केट, पुष्प विहार और मंडावली शामिल हैं।
एमसीडी उपचुनाव में कितनी हुई वोटिंग
उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 38.51 प्रतिशत रहा, जबकि 2022 में हुए एमसीडी के 250 वार्ड में हुए चुनाव में यह 50.47 प्रतिशत था।
मतगणना के लिए सुरक्षा व्यवस्था
दिल्ली एमसीडी उपचुनाव के 12 वार्डों में मतगणना के लिए लगभग 1,800 पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात की गई हैं। लगभग 700 कर्मचारी मतगणना में लगे रहेंगे, और उम्मीदवारों और उनके अधिकृत मतगणना एजेंटों के लिए उचित व्यवस्था की गई है।
सुबह आठ बजे से काउटिंग शुरू
दिल्ली एमसीडी उपचुनाव के 12 वार्डों में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है। भाजपा और आप की नज़रें प्रभुत्व हासिल करने पर टिकी हैं।
अशोक विहार वार्ड में किसके बीच मुकाबला
अशोक विहार वार्ड में भाजपा की नीलम असीजा और आप की सीमा विकास गोयल के बीच कड़ा मुकाबला है।
शालीमार बाग बी और द्वारका बी पर सभी की निगाहें
आज बारह वार्डों के नतीजे आएंगे, जो दिल्ली के विधानसभा चुनाव के बाद के राजनीतिक परिदृश्य और पार्टी के गढ़ों की नई झलक पेश करेंगे। शालीमार बाग-बी से पहले रेखा गुप्ता खुद प्रतिनिधित्व करती थीं। अब इस वार्ड में भाजपा की अनीता जैन और आप की बबीता अहलावत के बीच मुकाबला है।
आज 51 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
मतदान के दौरान आप और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। आप ने भाजपा पर दक्षिणपुरी में “गड़बड़ी” का आरोप लगाया, जिसे भाजपा ने नतीजों से पहले एक बहाना बताकर खारिज कर दिया। 26 महिलाओं सहित 51 उम्मीदवार मैदान में हैं।
