सूबे की सियासत में अहम भूमिका निभाने वाले यमुनापार के मतदाताओं की संख्या में दो लाख से अधिक कम हो गई है। दिल्ली चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक राजधानी के इस क्षेत्र के 16 में से 11 विधानसभा क्षेत्रों के 1 लाख 83 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। बाकी विधानसभा क्षेत्रों की सूची भी तैयार की जा रही है। दावा किया जा रहा है कि पूरी दिल्ली से 10 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। यमुनापार के कांग्रेसी नेता डॉ अशोक कुमार वालिया के लक्ष्मी नगर विधानसभा से करीब 23 हजार और अरविंदर सिंह लवली के गांधी नगर विधानसभा से करीब 12 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए हैं। इन मतदाताओं के नाम हटाए जाने की मूल वजह उनका कहीं और चले जाना या उनकी मृत्यु बताई जा रही है। डॉ वालिया के कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से 4575 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुआई में आम आदमी पार्टी ने सियासी अभियान चलाया है कि भाजपा के दबाव में चुनाव आयोग ने राजधानी के 10 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए हैं। केजरीवाल की ओर से यह भी दावा किया जा रहा है कि जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं उनमें से ज्यादातर कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के मतदाता हैं। उन्होंने आयोग से काटे गए मतदाताओं की सूची मांगी थी। उसके जवाब में आयोग की ओर से गुरुवार को सभी राजनीतिक दलों को दिल्ली के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार काटे गए मतदाताओं की सूची भेजने का काम शुरू कर दिया गया है।

काटे गए नामों की सूची आयोग ने दलों को भेजी: इसके तहत यमुनापार में आने वाले 16 विधानसभा क्षेत्रों में से 11 क्षेत्रों में काटे गए मतदाताओं की सूची विभिन्न राजनीतिक दलों को भेजी गई। इसके अनुसार 22 लाख से ज्यादा मतदाताओं वाले इन विधानसभा क्षेत्रों में 1 लाख, 83 हजार से अधिक वोट काट दिए गए हैं। समझा जा रहा है कि यमुनापार में काटे गए कुल मतदाताओं की संख्या दो लाख से ऊपर होगी। कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि उपलब्ध सूची के अनुसार सबसे ज्यादा कोंडली विधानसभा क्षेत्र से 3980 लोगों के नाम हटाए गए हैं जबकि त्रिलोकपुरी विधानसभा क्षेत्र के 26208 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। लक्ष्मी नगर में करीब 23 हजार नाम और गांधी नगर से 12 हजार नाम हटाए गए हैं। राजनीतिक दलों का कहना है कि इन क्षेत्रों में दलित व अल्पसंख्यक समाज के लोगों की संख्या ज्यादा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन इलाकों में अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह पता लगाएगी कि मतदाताओं के नाम उचित वजह से काटे गए हैं या किसी तरह की धांधली की गई है।