दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की बर्बरता से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना इस साल मई में हुई थी, लेकिन इसका खुलासा छह महीने बाद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान आफताब पूनावाला के रूप में हुई है, जिसे मृत महिला के परिवार द्वारा उसके खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। हालांकि महिला का शव अभी भी बरामद नहीं हुआ है। विवेचना में पता चला है कि आफताब ने लड़की की हत्या की साजिश अमेरिकन क्राईम सीरिज डेक्सटर देखकर रची थी। वो क्राईम से जुड़े शो देखने का शौकीन था। वहीं से उसने हत्या का तरीका देखा और फिर लड़की को ठिकाने लगा दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक महिला मुंबई की रहने वाली थी और दिल्ली में एक कॉल सेंटर में काम करती थी। मई में जब महिला ने कॉल का जवाब देना बंद कर दिया तो उसके परिवार ने मुंबई में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसी समय गुड़गांव के एक निजी फर्म में काम करने वाले आरोपी (आफताब पूनावाला) ने दोनों के बीच झगड़े के बाद महिला की हत्या कर दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ” आफ़ताब पूनावाला ने हमें बताया कि वे (आरोपी और मृतक महिला) अक्सर बहस में पड़ जाते थे क्योंकि महिला उससे शादी करना चाहती थी। मई में वे फिर से रिश्ते को लेकर लड़े और फिर आफताब ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी।”

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शव को दक्षिणी दिल्ली के महरौली स्थित अपने घर में कई दिनों तक रखे रखा। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कथित तौर पर शरीर को टुकड़ों में काट दिया और अगले कुछ हफ्तों में टुकड़ों को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।

मृतक महिला के माता-पिता ने उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था और इसके बाद दोनों इस साल की शुरुआत में दिल्ली शिफ्ट हो गए। महिला का परिवार इसी महीने उसकी तलाश में दिल्ली आया और पाया कि वह महरौली में अपने किराए के घर पर मौजूद नहीं थी। मुंबई पुलिस ने दिल्ली पुलिस को तथ्यों से अवगत कराया, जिसने तब अपहरण का मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ़्तारी के बाद कहा, “हमने आफताब पूनावाला को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के सिलसिले में उसके पास से सबूत बरामद किए हैं। उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और खुलासा किया है कि कैसे उसने महिला की हत्या की और उसके शरीर को काट दिया। हम उससे पूछताछ कर रहे हैं और महिला का शव भी बरामद करने की कोशिश कर रहे हैं।” आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।