Delhi CM: दिल्ली के मुख्यमंत्री (Delhi Chief Minister) अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने बताया कि यह शख्स मानसिक रूप से बीमार है और उसका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज भी चल रहा है।

अरविंद केजरीवाल को सोमवार देर रात जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई और शख्स को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, फोन करने वाला 38 वर्षीय मानसिक रूप से बीमार है और दिल्ली के गुलाबी बाग में उसका इलाज भी चल रहा है जिस कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया। पुलिस को देर रात पीसीआर पर एक कॉल आई थी, जिसमें शख्स ने सीएम को जान से मारने की धमकी दी थी।

आरोपी की मेंटल कंडीशन ठीक नहीं

पुलिस ने बताया कि सोमवार को देर रात 12 बजे आरोपी ने पुलिस को फोन कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई और आरोपी के बारे में पता लगाने में जुट गई। इसके बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी मुंडका का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि उसे गिरफ्तार नहीं किया गया क्योंकि शायद उसकी मेंटल कंडीशन ठीक नहीं है। हालांकि, पुलिस की एक टीम उससे पूछताछ कर रही है।

पहले भी केजरीवाल को मिल चुकी है जान से मारने की धमकी

बता दें कि यह दूसरी बार है जब मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई है। इससे पहले साल 2019 में भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। उनके कार्यालय में एक गुमनाम मेल आईडी से दो धमकी भरे मेल किए गए थे, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मेल के बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारियों में हलचल मच गई थी। दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था और आरोपी की तलाश में जुट गई थी। बताया गया कि आरोपी ने मेल में धमकी देते हुए लिखा था कि वह मुख्यमंत्री पर हमला करने की फिराक में है और इसके लिए वह हथियार जुटा रहा है।