दिल्ली की सभी कॉलोनियों में सात दिन के अंदर सरकार सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना शुरू करेगी। यह एलान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को किया। उन्होंने कहा कि तीन साल तक यह फाइल केंद्र सरकार के पास लटकी हुई थी। लंबी लड़ाई के बाद दिल्ली सरकार इस दिशा में काम शुरू कर रही है। केजरीवाल अनाधिकृत कॉलोनियों में गलियां और नालियां बनाने के कार्य की शुरुआत करने पहुंचे थे। उन्होंने इस मंच से कांगे्रस और भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह कार्य नवंबर तक पूरा होगा और यदि काम नहीं होता है तो आप आम आदमी पार्टी को चुनाव में वोट नहीं देना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत बादली क्षेत्र की आठ कॉलोनियों में गलियां और नालियां बनाना का काम शुरू हो रहा है। बारिश में इन कॉलोनियों में लोगों को बहुत परेशानी होती है। इस कार्य पर दिल्ली सरकार 97.86 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। इससे करीब एक लाख लोगों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 15 साल तक पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की सरकार थी लेकिन उनके कार्यकाल में चार गलियां तक नहीं बनाई गईं।
हमारी सरकार के कार्यकाल में 390 गलियां बनेंगी जो करीब 42 किलोमीटर के दायरे में फैली हुई हैं। उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस और भाजपा ने 70 साल में नहीं किए, वे काम हमने चार साल में करके दिखा दिए हैं। दिल्ली में 1100 स्कूल हैं। 70 साल में इन सरकारों के कार्यकाल में 17 हजार कक्षाओं के कमरे बने थे जबकि ‘आप’ सरकार के चार साल में 19 हजार कक्षाओं के कमरे बनाने जा रहे हैं। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी को मजबूती देने के लिए लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सात सांसदों ने केवल काम रोके हैं। इस बार सातों सांसद आम आदमी पार्टी के होंगे तो कार्यों में और तेजी आएगी।

