चुनाव आयोग (EC) ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी के राज्यसभा सांसद रहे हरद्वार दुबे के निधन के बाद खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव 15 सितंबर को होगा।

भाजपा के हरद्वार दुबे का 26 जून को निधन हो गया था। राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होना था। चुनाव आयोग ने एक बयान में कहा कि उपचुनाव के लिए अधिसूचना 29 अगस्त को जारी की जाएगी।

31 राज्यसभा सांसद उत्तर प्रदेश से  

उत्तर प्रदेश के 31 राज्यसभा सांसदों में भाजपा के 25, समाजवादी पार्टी के तीन, राष्ट्रीय लोक दल के एक, बहुजन समाज पार्टी के एक और एक स्वतंत्र सदस्य शामिल हैं। सदस्य छह साल के लिए चुने जाते हैं और उनमें से एक तिहाई हर दो साल में रिटायर हो जाते हैं। 

हरद्वार दुबे के बारे में

हरद्वार दुबे उत्तर प्रदेश से राज्य सभा के सदस्य थे। वह आगरा छावनी से उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य भी रहे और कल्याण सिंह मंत्रालय में राज्य मंत्री थे।

1989 में उन्होंने आगरा छावनी सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उन्होंने 1991 का चुनाव फिर से जीता और उन्हें कल्याण सिंह मंत्रिमंडल में वित्त राज्य मंत्री बनाया गया। विवादों के चलते उन्होंने एक साल के अंदर ही मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 2005 में उन्होंने खेरागढ़ विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ा लेकिन असफल रहे। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में आगरा-फिरोजाबाद सीट से भी हार गए थे।

2011 में उन्होंने भाजपा के राज्य प्रवक्ता और 2013 में राज्य उपाध्यक्ष का पद संभाला। 2020 में वे उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद चुने गए थे। इसके अलावा हरिद्वार दुबे भारतीय जनता पार्टी संगठन में भी कई पदों पर रह चुके थे। उत्तर प्रदेश में उनके निधन के बाद एक सीट खाली होने के बाद अब एक बार फिर चुनाव होना है।