रसोई गैस सिलेंडर विस्फोट में एक महिला और उसकी सास की मौत हो गई जबकि पति और दो बच्चे हादसे में घायल हो गए। हादसा बुधवार को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में स्थित उनके घर पर हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान उषा(45) और उसकी सास सत्यवती(75) के तौर पर हुई। उषा के पति रिषी अग्रवाल, बेटी नेहा और बेटा सौरभ इस हादसे में घायल हो गए।

हादसे के वक्त पड़ोस में खेलने गया उनका छोटा बेटा गौरव सुरक्षित है। अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह छह बजकर 10 मिनट पर हुआ। चार दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। इसमें उन्हें एक घंटे से अधिक समय लग गया। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां दो को मृत लाया घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि घायलों को बाद में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। पुलिस ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर विस्फोट के चलते नजदीक स्थित कई घरों की दीवारों पर भी दरारें पड़ गई हैं। हीरे की लूट का खुलासा : सरेआम लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सदस्यों ने करीब सौ वारदातों को अंजाम दिया है।

गिरोह के दो सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने करीब देशबंधु गुप्ता रोड हीरा लूटपाट सहित करीब 12 मामले का खुलासा किया है। इनके पास से 29 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शाखा के संयुक्त आयुक्त के मुताबिक गिरफ्तार वसीम और दिनेश सनी सादाब हुजूर गिरोह के सदस्यों के नाम से कुख्यात थे। पुलिस को एक सूचना मिली थी कि सादाब गिरोह के कुछ बदमाश बंदूक की नोंक पर लूटपाट की योजना बना रहे हैं।

सूचना पर एक टीम बनी और उपायुक्त की देखरेख में दबिश शुरू की गई। मुस्तैद टीम ने वसीम और दिनेश को बताए ठिकाने से गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ हुई तो कई अहम खुलासे हुए। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे देशबंधु गुप्ता रोड इलाके में एक व्यापारी से 70 हजार रुपए के सोने, चांदी और हीरे के जेवरात लूटे थे। वसीम मुरादाबाद का है। उसके पिता दर्जी हैं। बाद में उसकी संगति खराब हुई और वह अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। इसी प्रकार दिनेश करतारनगर दिल्ली की पैदाईश है और उसने भी ज्यादा पढ़ाई-लिखाई नहीं की है। उसने सादाब के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम दिया। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद देशबंधु गुप्ता रोड, न्यू उस्मानपुर, सिविल लाइंस के करीब 12 मामले का खुलासा कर लिया गया है।