BJP Jan Akrosh Yatra: कोरोना प्रोटोकॉल का हवाला देकर भाजपा राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर सवाल उठा रही है। खुद देश के स्वास्थ्य मंत्री इस संदर्भ में सवाल उठा चुके हैं। एक तरफ BJP जहां कांग्रेस की इस यात्रा पर सवाल उठा रही है लेकिन दूसरी तरफ खुद राजस्थान में चल रही खुद की जन आक्रोश यात्रा (Jan Akrosh Yatra) में कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ा रही है।
बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया की अपील के बाद भी भाजपा की जन आक्रोश रैली में नेता और समर्थन दोनों ही बिना मास्क के नजर आए। बुधवार देर शाम भाजपा द्वारा जारी की गई तस्वीरों में न तो मंच पर बैठे नेता कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते नजर आए और न ही रैलियों में आने वाले समर्थक। बुधवार को बांसवाड़ा में आयोजित की गई रैली में खुद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया बिना मास्क के नजर आए।
भाजपा राजस्थान में जन आक्रोश यात्रा निकाल रही है। इस यात्रा के तहत राजस्थान में भाजपा कई जगहों पर सभाओं का आयोजन भी कर रही है
राजस्थान के हनुमानगढ़ में जिला कलेक्ट्रेट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से जन आक्रोश महासभा का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ राजस्थान में कांग्रेस के राज में उड़ रही कानून व्यवस्था की धज्जियों के बारे में बताया गया। भाजपा की जन आक्रोश यात्रा के दौरान न मंच पर बैठे नेता कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं और न ही रैलियों में आ रहे समर्थक।
Mansukh Mandaviya ने Bharat Jodo Yatra पर लिखा था पत्र
इससे पहले बुधवार (21 दिसंबर) को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) ने कांग्रेस (Congress) सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) को पत्र लिखकर कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के दौरान COVID दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और मास्क-सैनिटाइजर का उपयोग किया जाए। पत्र में कहा गया था कि केवल टीकाकरण वाले लोग ही भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हों।
Congress का आरोप Bharat Jodo Yatra को बना रहे निशाना
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन न होने की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की हिदायत पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को सिर्फ भारत जोड़ो यात्रा ही क्यों दिखाई दे रही है? राजस्थान और कर्नाटक में बीजेपी खुद भी यात्राएं निकाल रही है।
पार्टी ने कहा कि क्या केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इन यात्राओं के आयोजकों को भी चिट्ठी लिखकर वैसी ही सलाह दी है, जो वो कांग्रेस नेताओं को दे रहे हैं? कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया कि वो कोविड प्रोटोकॉल (Covid Protocol) के नाम पर जानबूझकर भारत जोड़ो यात्रा को निशाना बना रही है।
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया द्वारा राहुल गांधी को लिखी गई चिट्ठी के जवाब में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी पर सवालों की झड़ी लगा दी। खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी यह जानना चाहती है कि क्या इसी तरह का पत्र राजस्थान के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को भी भेजा है, जो जन आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं?
नियम सबके लिए होने चाहिए- बोले Pawan Khera
पवन खेड़ा ने कहा कि क्या इस तरह का पत्र कर्नाटक बीजेपी को भेजा गया जो एक और यात्रा निकाल रही है? उन्होंने आगे कहा कि तो क्या भारत सरकार को सिर्फ राहुल गांधी दिख रहे हैं, कांग्रेस दिख रही है, भारत जोड़ो यात्रा दिखाई दे रही है, और कोई यात्रा नहीं दिख रही है, जहां भीड़ जमा हो रही है? कांग्रेस नेता ने कहा कि हम नियमों का पालन करेंगे बशर्ते कि नियमों की घोषणा होनी चाहिए और नियम सबके लिए होने चाहिए, सिर्फ राहुल गांधी के लिए, कांग्रेस के लिए या भारत जोड़ो यात्रा के लिए नहीं।