कोरोना संकट के बीच देश की राजधानी दिल्ली में एक फैसले को लेकर उप राज्यपाल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच रार होती नजर आ रही है। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने केजरीवाल सरकार के दो अहम फैसलों को खारिज कर दिया है।
दरअसल, केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में होटल खोलने और ट्रायल बेसिस पर एक हफ्ते के लिए साप्ताहिक बाजारों को खोलने का फैसला किया था लेकिन अब एलजी ने दिल्ली सरकार के इस फैसले को खारिज कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि कोविड-19 के चलते स्थिति ‘‘नाजुक’’ बनी हुई है और खतरा अभी दूर नहीं हुआ है, तो उसी के मद्देनजर उप राज्यपाल ने यह फैसला लिया है।
केजरीवाल सरकार ने गुरुवार को 1 अगस्त से शुरू हो रहे अनलॉक3 में नाइट कर्फ्यू को खत्म करने की घोषणा की थी।इसके अलावा दिल्ली सरकार ने होटलों को खोलने की भी इजाजत दी थी। इस दौरान सामाजिक दूरी और कोविड-19 संबंधी सभी जरूरी नियमों का पालन करने के लिए कहा था। हालांकि, स्कूल, कॉलेज, मेट्रो रेल सेवाएं, सिनेमाघर और बार 31 अगस्त तक बंद रहेंगे।
कोरोना काल में यह पहली बार नहीं है जब उप राज्यपाल और मुख्यमंत्री किसी फैसले को लेकर आमने-सामने आए हों। इससे पहले कोरोना के बिना लक्षण वाले मरीजों को होम क्वारंटीन करने को लेकर भी दोनों के बीच आमना सामना हुआ था।
दिल्ली में कोरोना संक्रमण की बात करें तो राज्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 1,195 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 1.35 लाख से अधिक हो गई हैं जबकि इस महामारी से मृतकों की संख्या बढ़कर 3,963 हो गई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सोमवार को प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की संख्या गिरकर 613 हो गई थी जो दो महीनों में सबसे कम मामले थे। मंगलवार से मामलों की संख्या एक हजार से अधिक मामले सामने आये है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के शुक्रवार को जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में 27 और लोगों की मौत हुई है। बुलेटिन के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को 10,705 लोगों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड-19 से मृतकों की संख्या 3,936 थी। बुलेटिन के अनुसार मृतकों की संख्या अब बढ़कर 3,963 और मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,35,598 हो गई हैं।
