झारखंड विधानसभा में नमाज के कमरे को लेकर जारी विवाद बढ़ता ही जा रहा है। विधानसभा का घेराव करने जा रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज की गयी है। पुलिस की कार्रवाई में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश सहित कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है।
खबरों के अनुसार कई महिला कार्यकर्ताओं को भी चोट लगी है। पुलिस की तरफ से वाटर कैनन से भी प्रहार किया गया। वहीं बैरिकेटिंग तोड़ कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रांची के सांसद संजय सेठ और अन्य नेताओं कार्यकर्ताओं पर पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज की गयी है। पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी धरना पर बैठ गए हैं।
मरांडी ने ट्वीट किया है कि सिंहासन खाली करो कि जनता आती है! यह तानाशाह सरकार कितना भी जोर लगा ले, बीजेपी के कार्यकर्ताओं को डिगा नहीं सकती। तुष्टिकरण की नीतियों को जबरन थोप कर राज्य सरकार ने पूरे झारखंड का अपमान किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर किया गया एक एक प्रहार का जवाब दिया जाएगा।
बीजेपी विधायकों ने कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर विधानसभा में भी जमकर हंगामा किया। पार्टी के विधायक अनंत ओझा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि हमलोग शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन जगन्नाथपुर मंदिर के पास पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज कर दी गयी।
क्या है पूरा मामला?: झारखंड विधानसभा में नमाज पढ़ने के लिए अध्यक्ष की तरफ से एक कमरा अलॉट किया गया है। प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी की तरफ से कक्ष” के आवंटन से जुड़े आदेश को वापस लेने की मांग हो रही है। भाजपा की ओर से विधानसभा परिसर में हनुमान मंदिर और अन्य धर्मों के पूजा स्थलों के निर्माण की मांग भी की गयी है। बीजेपी ने हेमंत सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया है।