मध्यप्रदेश कांग्रेस ने बढ़ते कर्ज के चलते प्रदेश की भाजपा सरकार से प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव और मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने गुरुवार को आरोप लगाया, ‘घपले, घोटालों और मुख्यमंत्री चौहान की अपनी ब्राडिंग पर लगातार हो रहे खर्च के कारण आज प्रदेश कंगाली और बदहाली के दौर में पहुंच गया है। प्रदेश पर लगभग डेढ़ लाख करोड़ रूपये से अधिक का कर्ज है।’ उन्होंने कहा कि नमामि देवी नर्मदे यात्रा से कांग्रेस का विरोध नहीं है, लेकिन इसके नाम पर मुख्यमंत्री चौहान ने अपना राजनीतिक एजेंडा लागू किया और उस पर सरकारी खजाने के करोड़ो रूपये लुटाये।
यात्रा के प्रति मुख्यमंत्री की कोई आस्था नहीं थी, बल्कि लगातार यात्राओं के जरिये मुख्यमंत्री सिर्फ ओर सिर्फ अपनी ब्राडिंग करते रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारी मांग है कि प्रदेश के बदहाल होते आर्थिक हालात के लिये भाजपा सरकार और उसके मुखिया शिवराज सिंह चौहान ही जिम्मेदार हैं। हमारी मांग है कि प्रदेश की वर्तमान में आर्थिक स्थिति कैसी है, इसे जानने का हक जनता को है, इसलिये सरकार प्रदेश के आर्थिक हालातों पर श्वेतपत्र जारी करे।