दिल्ली में कांग्रेस की रैली में पार्टी नेताओं के नाम पर जिंदाबाद के नारे लगाने के दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की जगह फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का नाम ले लिया। मंच पर मौजूद नेताओं को जब इसका अहसास हुआ तो वे तुरंत माफी मांग कर सुधारे और प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।
पूर्व विधायक ने लगाए गलत नारे : रैली में मंच पर कार्यकर्ताओं को जोश भरने के लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के नाम से नारे लगाए जा रहे थे। एक-एक करके वरिष्ठ नेताओं के नाम लेने शुरू हुए। सबसे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गंधी के नारे लगे, फिर राहुल गांधी के नाम पर भी जिंदाबाद के नारे लगाए गए। इसके बाद प्रियंका गांधी के नाम की बारी आई तो पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार ने प्रियंका चोपड़ा जिंदाबाद के नारे लगा दिए। उन्हें इसका अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत सुधार किया और प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।
Hindi News Today, 01 December 2019 LIVE Updates: देश की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पार्टी नेता ने कहा पब्लिसिटी स्टंट : दूसरी तरफ पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह पब्लिसिटी स्टंट के तहत किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लोग निष्ठावान हैं। कोई भी नेता या कार्यकर्ता ऐसा नहीं है जो इस तरह की गलती करे। यह सिर्फ पब्लिसिटी के लिए जानबूझकर किया गया है। मंच पर मौजूद नेताओं में भी इसको लेकर चर्चा होती रही।
सोशल मीडिया पर भी हुई चर्चा : उधर, सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ तो कई लोग इसको लेकर कमेंट करने लगे। कुछ लोगों ने कहा कि यह लापरवाही है तो कुछ लोगों ने कमेंट किए कि यह पार्टी में चाटुकारिता का प्रतीक है। कुछ अन्य लोगों ने इसे सिर्फ भूल बताया और कहा कि एक जैसे नाम होने से ऐसा हो जाता है।

