Randeep Surjewala: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस के महासचिव और राज्य सभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने सोमवार (5 अगस्त, 2022) को केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश की 57% आय देश के केवल 10% लोगों के पास हैं। आधी आबादी के पास सिर्फ 13 फीसदी धन है। भारतीय जनता पार्टी देश बेचो अभियान में लगी है।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यानी कुल आबादी 140 करोड़ है तो 70 करोड़ के पास केवल पैसा है। लोगों की जिंदगी कैसे चलेगी। उन्होंने कहा कि इसीलिए अमीर और गरीब की खाई को तोड़ो और भारत जोड़ो। सुरजेवाला ने कहा कि इस देश में जो 70 साल में बनाया, उस सबकी लूट मची हुई है।

सुरजेवाला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारत बेचो अभियान पर लगी है। देश के लोग अब तो कहने लगे हैं कि बढ़ रही असमानता की खाई और बैंक को माल लूटकर ले गए सत्ता के जमाई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की सरपरस्ती में आठ साल में पांच लाख पैंतीस हजार करोड़ के बैंक फ्राड हुए। सुरजेवाला ने कहा कि यह राज्यसभा में जो उन्होंने जवाब दिया था, यह वहां बताया।

सारे भगोड़े मोदी कैसे हैं: सुरजेवाला

राज्य सभा सांसद ने कहा कि मैं जानना चाहता हूं कि ये सारे भगोड़े मोदी कैसे हैं। नीरव मोदी, ललित मोदी कहीं नीरव मोदी के चाचा या मामा मेहुल चौकसी कहीं विजय माल्या। उन्होंने पूछा कि क्या पिछले आठ साल में इनमें से कोई वापस आया। पैसा लूटो और देश छोड़कर भाग जाओ। उन्होंने कहा कि आठ साल में 12,06,616 करोड़ बैंकों का खाता बट्टे खाते में डाल दिया।

12 प्रांतों से गुजरेगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा

कांग्रेस नेता ने कहा कि 8 सालों से सत्ता के स्वार्थों के लिए भारत को हर स्तर पर तोड़ा जा रहा है और देश की संपत्ति व संसाधनों का रुख ‘मुट्ठीभर अमीर मित्रों’ की ओर मोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 3570 कि.मी की भारत जोड़ो यात्रा 12 प्रांतों से गुजरेगी। हर भारतवासी के लिए न्याय की हुंकार होगी।

वहीं राज्य सभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने CISF के पदों को खत्म करने के फैसले को लेकर मोदी सरकार को घेरा है। सुरजेवाला ने कहा है कि तालाबंदी ही बीजेपी का चरित्र है।

सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘फौज भर्ती खत्म करने के बाद अब सीआईएसएफ जैसी जाबांज फोर्स पर भी ताला लगाने की तैयारी। सुरजेवाला ने निजीकरण पर आपत्ति जताते हुए लिखा, ‘मोदी सरकार सब सुरक्षा एजेंसियो की भर्ती बंद और पद खत्म कर एक ओर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है और दूसरी ओर राष्ट्र सेवा व रोजगार के मौके बंद कर रही है। तालाबंदी ही भाजपाई का चरित्र है।’