मध्य प्रदेश की कमल नाथ सरकार के एक फैसले को कांग्रेस के ही दिग्गज नेता ने निशाने पर ले लिया है। मामला गो-हत्या के आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई किए जाने का है। दरअसल इस हफ्ते राज्य सरकार ने गो हत्या के तीन आरोपियों को पकड़ा है। तीनों आरोपियों के खिलाफ NSA के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कदम को पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने गलत करार दिया है।प

प्रियंका गांधी के सामने दिया बयानः सीनियर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा, ‘मध्य प्रदेश गोकशी मामले में NSA लगाया जाना गलत था। कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी की अगुवाई वाली मध्य प्रदेश सरकार को संकेत कर दिया है कि उनसे गलती हुई है।’ चिदंबरम का यह बयान तब सामने आया जब वे ‘अनडॉटेडः सेविंग द आइडिया ऑफ इंडिया’ के विमोचन के मौके पर संबोधित के दौरान सामने आया। चिदंबरम से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी एनएसए लगाए जाने के कमल नाथ सरकार के फैसले पर सवाल उठा चुके हैं। जब चिदंबरम ने यह बयान दिया तब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।

यह है पूरा मामलाः खंडवा के मोघट थाना क्षेत्र स्थित खरखाली गांव में गो हत्या के मामले में नदीम, शकील और आजम नाम के तीन लोग आरोपी बनाए गए थे। उल्लेखनीय है कि गो तस्करी और गो संरक्षण का मुद्दा लंबे समय से देश में सियासत का अहम केंद्र बना हुआ है। गाय को लेकर कमल नाथ सरकार भाजपा की राह पर चलती दिखाई दे रही है। हाल ही में कमल नाथ ने राज्य में 1000 गो शालाएं बनाने का भी ऐलान किया था।