उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव का परिणाम आने के बाद अमेठी में राहुल गांधी की वापसी हो गई है। जायस नगर पालिका से कांग्रेस प्रत्याशी मनीषा सिंह चौहान ने 3580 वोटों से जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा की बीना सोनकर को हराया। इससे कांग्रेसी कर्नाटक के साथ अमेठी की जीत पर दोहरी खुशी मनाने में जुटे हैं। दूसरी तरफ योगी सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के तिलोई विधानसभा में भाजपा हार गई है। जायस नगर पालिका भाजपा के पास थी, लेकिन कांग्रेस की मनीषा उस पर कब्जा जमा ली हैं।

गौरीगंज नगर पालिका सीट सपा विधायक राकेश सिंह के कब्जे में थी। वहां से भाजपा की रश्मि सिंह अध्यक्ष चुनी गई है। अमेठी और मुसाफिरखाना नगर पंचायत में भाजपा ने जीत हासिल की है। गौरीगंज नगर पालिका के चुनाव में सपा विधायक राकेश सिंह अपने बूथ पर हार गये हैं। विधायक इसी सीट पर वापसी के लिए थाने के अंदर भाजपा उम्मीदवार के पति दीपक सिंह की पिटाई की थी, लेकिन उनकी सीट भाजपा के पास चली गई है।

सपा विधायक के हाथों से पिटने वाले दीपक सिंह की पत्नी रश्मि सिंह गौरीगंज नगर पालिका की अध्यक्ष बन गई है। उनकी जीत के लिए पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी ब्राह्मण समाज को जोड़ने में जुटे थे। इससे गौरीगंज के ब्राह्मण भाजपा के समर्थन में कूद पड़े थे। खास बात यह है कि कांग्रेस ने ब्राह्मण उम्मीदवार उतारा था, लेकिन पूरे ब्राह्मण भाजपा में चले गए। इससे रश्मि सिंह अध्यक्ष बन गई है। संघ के पुराने नेता ज्ञान सिंह मुस्लिम वोटरों को जोड़ने में जुटे थे। इससे भाजपा मुस्लिम बूथों पर भी अच्छी खासी वोट पाई हैं।

पूर्व प्रवक्ता गोविंद सिंह चौहान ने कहा कि सपा विधायक तीनों भाई अपना बूथ नहीं बचा पाए। चौहान ने कहा कि जनता उनके आतंक से त्रस्त होकर भाजपा में चली गई है। पूर्व विधायक मटियारी ने कहा कि सपा विधायक की उलटी गिनती शुरू हो गई है। जिला पंचायत के बाद नगर पालिका पर भाजपा का कब्जा हो चुका है। अब विधानसभा पर कब्जे की तैयारी होगी। भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू ने कहा कि गौरीगंज, अमेठी और मुसाफिरखाना में ये जीत केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की जीत है।

अमेठी जनपद में दो नगर पंचायत अमेठी, मुसाफिरखाना और दो नगर पालिका जायस और गौरीगंज है। गौरीगंज में भाजपा की रश्मि सिंह 7105 वोट पाकर अध्यक्ष बनी हैं, जबकि सपा विधायक राकेश सिंह की उम्मीदवार तारा देवी 4988 वोट और विनीता सोनार 3578 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। गौरीगंज में भाजपा के 3 और 22 निर्दल सभासद चुने गए हैं। जायस नगर पालिका में कांग्रेस की मनीषा 10001 वोट पाने के बाद अध्यक्ष चुनी गई है। भाजपा की बीना सोनकर 6555 वोट पाकर हार गई है।

यहां पर 2 भाजपा और 23 निर्दल सभासद चुने गए हैं। अमेठी नगर पंचायत में भाजपा की अंजू 2648 वोट पाने के बाद अध्यक्ष चुनी गई है। जबकि आप पार्टी की रीना 1927 वोट और सपा की जमीरुल 1565 वोट पाकर हार गई है। अमेठी में 5 भाजपा,2 आप पार्टी और 5 निर्दल सभासद चुने गए हैं। मुसाफिरखाना में भाजपा के बृजेश कुमार 1683 वोट पाकर चुनाव जीत गए हैं। जबकि फिरोज खान 1474 वोट, दिनेश सिंह 1085 वोट पाकर हार गए हैं। मुसाफिरखाना में 1 भाजपा और 9 निर्दल सभासद चुने गए हैं। कांग्रेस एक और भाजपा तीन सीट पर कब्जा कर चुकी हैं। जबकि सपा, बसपा का खाता बंद हैं। सपा के दो विधायक भी हैं। अमेठी की सपा विधायक उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार में नहीं गई थी।