कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि तालिबान नेताओं से मिलने के लिए भारतीय अधिकारी चुपचाप दौरा करते हैं। इस पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि यह उनकी “तालिबानी मानसिकता” है।

अब दिग्विजय सिंह ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा है और ‘देशद्रोही’ कहा है। कांग्रेस नेता ने गुरुवार को ट्वीट कर लिखा “शिवराज जी मैं आप से, क्या पूछ सकता हूँ आपके प्रिय शिष्य भोपाल भाजपा के IT Cell के प्रमुख ध्रुव सक्सेना व उनके अनेक साथी जब आपकी ही पुलिस द्वारा पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी ISI के लिए पैसा ले कर जासूसी करते पकड़े गए उन पर राष्ट्र द्रोह का मुकदमा क्यों नहीं चलाया?”

दिग्विजय ने एक अन्य ट्वीट में लिखा “शिवराज जी यह बात उजागर हो गई है मोदी सरकार गुप्त रूप से तालिबान से चर्चा कर रही है। अब आप बताएँ “तालिबानी मानसिकता” मेरी है या मोदी जी की? हमारे प्रिय मित्र “कलाकार” कैलाश जी से भी मेरा प्रश्न है आप मेरी जाँच तो केंद्रीय एजेंसियों से करवा रहे हैं मोदी जी की जाँच किस से कराएँगे?”

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा “मुझे आप देशद्रोही कहते चूकते नहीं हैं लेकिन सही देशद्रोहियों पर आपने ना तो देशद्रोह का केस चलाया और उनकी ज़मानत होने दी। उच्च न्यायालय जबलपुर से ज़मानत होने के बाद उनकी ज़मानत निरस्त कराने की उच्चतम न्यायालय मे अपील भी नहीं की। अब आप बताएँ देश द्रोही मैं या आप?”

बता दें शिवराज के अलावा भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी दिग्विजय सिंह की आलोचना करते हुए दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री के संपर्क जांच के दायरे में हैं। तालिबान नेताओं से मिलने के लिए भारतीय अधिकारियों का चुपचाप दौरा ..शीर्षक समाचार को ट्विटर पर साझा करते हुए सिंह ने बुधवार को ट्वीट में कहा था कि , ‘‘यह एक बहुत ही गंभीर मुद्दा है। भारत सरकार को इस विषय पर तत्काल वक्तव्य देना चाहिए। क्या भाजपा आईटी सेल इसको संज्ञान में ले कर राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में रखेगा?’’

ट्वीट के बारे में पूछे जाने विजयवर्गीय ने यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘ फिलहाल दिग्विजय सिंह के खिलाफ जांच चल रही है कि वह किसके संपर्क में हैं।’’ हालांकि विजयवर्गीय ने इस जांच के बारे में विस्तार से नहीं बताया।