पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में शीतलहर का असर जारी है। अमृतसर का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहां रविवार को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं कश्मीर घाटी के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
लुधियाना और पटियाला का न्यूनतम तापमान क्रमश: 9.4 और 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार (6.5 डिग्री सेल्सियस), करनाल (6.2 डिग्री सेल्सियस) और नारनौल (6.2 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। अंबाला का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, दक्षिण कश्मीर के मशहूर पर्यटन रिसोर्ट पहलगाम में ताजा बर्फबारी हुई जबकि घाटी में मौसम शुष्क रहा। बुधवार से राज्य में एक बार फिर मौसम नम होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सालाना अमरनाथ यात्रा के स्थायी शिविर पहलगाम में रात के समय ताजा बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि कल रिसोर्ट में 11 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई और न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण कश्मीर के काजीकुंड और कोकरनाग घाटी के उन इलाकों में शामिल है, जहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि काजीकुंड और कोकरनाग में न्यूनतम तापमान क्रमश: 1.2 डिग्री सेल्सियस और 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कोकरनाग में 6.4 मिलीमीटर बारिश भी हुई। अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार रात यहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकारी ने बताया उत्तर कश्मीर के मशहूर स्की रिसोर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। रविवार रात यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था।
उन्होंने बताया कि कुपवाड़ा में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था, वहां सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान करीब चार डिग्री की बढ़ोतरी के साथ शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। रविवार रात यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 12.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। लेह जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा प्रदेश रहा। उन्होंने बताया कि करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि यहां दो दिन तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राज्य में 17 फरवरी से एक बार फिर मौसम नम हो सकता है।