Punjab Cabinet Reshuffle: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल से चार मंत्रियों को हटाने के अगले दिन ऑफिसर ऑफ स्पेशल ड्यूटी (OSD) प्रोफेसर ओंकार सिंह को भी पद से हटा दिया है। हालांकि, अभी तक कारण साफ नहीं हो पाया है। यह पद काफी जरूरी माना जाता है। ऐसा इस वजह से क्योंकि वह ही मुख्यमंत्री कार्यालय के सारे काम काज संभालते हैं। साथ ही जरूरी मुद्दों पर मुख्यमंत्री को सलाह भी देते हैं।

ओंकार सिंह मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी दोस्त हैं और धुरी विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी हैं। उनको साल 2022 में उनकी वफादारी का इनाम मिला था। ओंकार सिंह को ओएसडी नियु्क्त किया गया। वे मुख्यमंत्री भगवंत मान के धुरी विधानसभा क्षेत्र और सीएम की पत्नी डॉ गुरप्रीत कौर की राजनीतिक गतिविधियों की देखरेख करते रहे हैं। ओंकार सिंह संगरूर के रहने वाले हैं।

मान कैबिनेट में इन पांच विधायकों को मिली जगह

बता दें कि मंत्रिमंडल से जिन चार मंत्रियों को बाहर किया गया है। उनमें चेतन सिंह जौरामाजरा, ब्रहम शंकर जिम्पा (Revenue), बलकार सिंह (Local Body) और अनमोल गगन मान (Tourism) का नाम शामिल है। उन्होंने रविवार को अपने इस्तीफे सौंप दिए। सोमवार शाम 5 बजे मान पांच विधायकों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे। ये बरिंदर कुमार गोयल (Lehra), हरदीप सिंह मुंडियां (Sahnewal), डॉ. रवजोत सिंह (Sham Chaurasi), तरुणप्रीत सिंह सोंद Khanna) और मोहिंदर भगत (Jalandhar) हैं।

Punjab Cabinet Reshuffle: भगवंत मान कैबिनेट में आज बड़ा फेरबदल, ये 5 नए मंत्री लेंगे शपथ

कैबिनेट में यह फेरबदल मंत्रियों के प्रदर्शन और उनके क्षेत्रों की रिपोर्ट को देखकर किया जा रहा है। इसके साथ ही नए चेहरों को शामिल कर जातीय समीकरण का भी खास ख्याल रखा गया है और उन्हें बड़े जिलों की कमान सौंपी गई है।

पंजाब कैबिनेट में कितने सदस्य हो सकते हैं

बता दें कि पंजाब की कैबिनेट में अधिकतम 18 सदस्य हो सकते हैं। अभी तीन पद खाली हैं। सोमवार को हुए फेरबदल के बाद कैबिनेट में 16 मंत्री हो जाएंगे। पंजाब में भगवंत मान की सरकार चौथा फेरबदल कर रही है। यह दिल्ली में भी इसी तरह के फेरबदल के कुछ टाइम बाद हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में केजरीवाल को जमानत दी थी और उन्होंने ऐलान किया था कि कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे रहे हैं। आप नेता आतिशी ने केजरीवाल की जगह दिल्ली की मुख्यमंत्री का पद संभाला है।