Bhupesh Baghel Congress: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मोदी सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में भय का वातावरण बनाकर सरकार चलाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आजकल सवाल करना गुनाह हो गया है। गौरतलब है सीएम बघेल ने भिलाई में अग्रसेन महोत्सव-2022 में भाग लेते हुए सरकार पर हमला बोला।
बघेल ने कहा, “हमें सत्य की लड़ाई लड़नी है, सत्य के रास्ते पर चलना है। हमें डर कर नहीं जीना है, हमारे पूर्वजों ने डरना नहीं सिखाया। उन्होंने सत्य के लिए सब कुछ कुर्बान कर दिया। अगर गलत है तो उसकी सजा दीजिए।” बघेल ने कहा कि आजकल सवाल करना गुनाह हो गया है। यदि आप इन दिनों कोई प्रश्न पूछते हैं तो आपको धर्म-विरोधी या राष्ट्र-विरोधी करार दिया जाएगा। इस देश में आज सवाल करना प्रतिबंधित है।
डर के माहौल से सरकार नहीं चला सकते:
आगे उन्होंने कहा, “अगर कोई गलत करे तो उसे सजा दो लेकिन आप डर का माहौल बनाकर सरकार नहीं चला सकते। आज पूरे देश में यही माहौल है। ईडी और आईटी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। डब्ल्यूबी विधानसभा में उनके खिलाफ प्रस्ताव पारित करता है। लोग अब सड़कों पर उतर रहे हैं। कांग्रेस ने भी आंदोलन किया।
सीएम बघेल ने कहा कि अगर किसी थानेदार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है तो मतलब व्यवस्था में गड़बड़ी है। इस गड़बड़ी को सुधारने की जिम्मेदारी शीर्ष पर बैठे लोगों की होती है।”
बेवजह तंग करे तो एफआईआर कीजिएगा:
बघेल ने कहा कि आखिर हम कब तक डरेंगे, कबतक सहेंगे, ये डीआरआई, ईडी, आईटी से डरने की जरुरत नहीं है। अगर आपको बेवजह तंग किया जाए तो मैं छत्तीसगढ़ के सीएम के तौर पर आपको यकीन दिलाता हूं कि आप राज्य के किसी भी थाने में एफआईआर कीजिएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।