दिल्ली में 2019 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल को एक और बड़ा झटका लगा है। आम आदमी पार्टी के सबसे चर्चित चेहरों में शुमार रहीं चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा (Chandni Chowk MLA Alka Lamba) ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Congress President Sonia Gandhi) से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुईं। कयास लगाए जा रहे हैं कि अलका लांबा जल्द ही कांग्रेस ज्वॉइन कर सकती हैं। इससे पहले भी वे खुलकर कांग्रेस ज्वॉइन करने के संकेत दे चुकी हैं।
सोनिया से मुलाकात के बाद अलका ने अपने ऑफशियल ट्विटर हैंडल से एक फोटो शेयर की जिसमें वे सोनिया गांधी के साथ नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष ही नहीं यूपीए की चेयरपर्सन भी हैं और सेकुलर विचारधारा की एक बहुत बड़ी नेता भी। देश के मौजूदा हालात पर उनसे चर्चा लंबे समय से लंबित थी। आज मौका मिला तो हर मुद्दे पर खुल कर बात हुई। राजनीति में ये विमर्श का दौर चलता रहता है और चलते रहना चाहिए।’
National Hindi News, Top Headlines 03 September 2019 LIVE: देश-दुनिया की खबरों के लिए क्लिक करें
गौरतलब है लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की तरफ से कांग्रेस के साथ गठबंधन के संकेत दिए गए थे। उस समय भी अलका लांबा ने उन पर तंज कसे थे। इसके बाद खबरें आई थीं कि वो लोकसभा चुनाव के दौरान ही कांग्रेस में जा सकती हैं। हालांकि ऐसा हुआ नहीं और चुनाव प्रचार में भी वो ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आईं। इसके बाद कांग्रेस की दिग्गज नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित के निधन के समय भी उन्होंने पोस्टर लगवाकर श्रद्धांजलि दी थी, हालांकि उन्होंने इसे राजनीति से परे बताया था लेकिन इससे उनकी कांग्रेस से नजदीकियों के कयासों को बल मिला था।
पहले भी कांग्रेस में रही हैं अलकाः आम आदमी पार्टी में आने से पहले अलका कांग्रेस में ही थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एनएसयूआई से की थी। लगभग दो दशकों तक कांग्रेस में रहने के बाद 2014 में उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था। इसके बाद उन्होंने 2015 में चांदनी चौक से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।