Nana Patole: महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने लंपी वायरस (Lumpy Virus) को लेकर सोमवार (3 अक्टूबर, 2022) को एक अजीबो-गरीब बयान दिया। उन्होंने लंपी वायरस को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पटोले ने कहा कि लंपी वायरस नाइजीरिया में काफी समय से था और सरकार चीतों को भी वहीं से लेकर आई है। सरकार जानबूझकर किसानों के नुकसान के लिए इन चीतों के लेकर आई है।

पटोले ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘ये जो लंपी वायरस का जो रोग है, नाइजीरिया करके एक देश है। वहां पर कई सालों से था। यह जो चीतों का लाया गया है वहीं से लाया गया है। चीतों के धब्बे और गायों पर इस वायरस से धब्बे समान हैं। केंद्र सरकार ने किसानों को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर यह व्यवस्था बनाई है।’

महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले के इस बयान बाद महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि नाना पटोले की टिप्पणी और देश में कांग्रेस के हालत पर देश में हर कोई हंस रहा है। उन्होंने कहा कि चीते नाइजीरिया से नहीं, बल्कि नामीबिया से लाए गए थे। इस तरह का अवलोकन प्रफुल्लित करने वाला है।

नाना पटोले ने एएनआई से फोन पर बात करते हुए कहा, “प्रधान मंत्री ने काले कानूनों (कृषि कानूनों) के दौरान किसानों से कभी बात नहीं की, और नामीबिया से चीतों को लाकर वे बदला ले रहे हैं।

लंपी वायरस के केस शुरुआत में गुजरात और राजस्थान में मिले थे। इसके बाद यह बीमारी धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में फैल गई। इस वायरस की चपेट से कई गोवंशों की मौत हो गई। इस वायरस के लिए स्वस्थ पशुओं को गोट पॉक्स का टीका दिया जा रहा है. डॉक्टरों की मानें तो लंपी वायरस पोक्सो वायरस की वजह से फैलता है, जो कि कीड़े, मक्खी मच्छर की वजह से होता है। लंपी वायरस से संक्रमित गोवंश होम्योपैथिक इलाज से 10-15 दिन में ठीक हो रहे हैं।

बता दें, पीएम मोदी के जन्मदिन पर आठ चीतों नामीबिया से भारत लाया गया था। नामीबिया से लाए गए इन चीतों को खुद पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के कुनो-नेशनल पार्क में छोड़ा था। जिसको लेकर कांग्रेस और बीजेपी में कई दिनों तक आरोप-प्रत्यारोप दौर चला था।