मध्य प्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। तमन्ना हाशमी नाम की महिला की शिकायत पर एमपी के सीएम कमलनाथ के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। कमलनाथ के खिलाफ केस बिहार के मुजफ्फरपुर कोर्ट में दर्ज किया गया है। बीते दिनों कमलनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों पर दिए गए विवादित बयान के कारण केस दर्ज किया गया है।
Bihar: Case filed in Muzaffarpur Court by one Tamanna Hashmi against Madhya Pradesh CM Kamal Nath over his remark on UP-Bihar migrants (file pic) pic.twitter.com/m7ai7vryxj
— ANI (@ANI) December 19, 2018
वहीं, कोर्ट केस के बाद कमलनाथ का बयान सामने आया है। कमलनाथ ने कहा है कि, ‘यह सब जगह है। अन्य राज्यों में भी यही होता है। मैंने कौन सी नई बात की? स्थानीय लोगों को वरीयता मिलनी ही चाहिए’।
बता दें, कमलनाथ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा था कि, ‘मध्य प्रदेश में 70 प्रतिशत नौकरियां सिर्फ मध्य प्रदेश के निवासियों को ही मिले’। इसके साथ ही उन्होंने कहा था, ‘बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के लोगों के कारण मध्य प्रदेश के स्थानीय लोगों को नौकरी नहीं मिल पाती है’।
कमलनाथ के यूपी-बिहार के लोगों पर दिए गए बयान पर नेताओं की नाराजगी देखने को मिली थी। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कमलनाथ के विवादित बयान की निंदा करते हुए कहा था कि ‘कमलनाथ का दिया ये बयान गलत है। इस तरह की बातें पहले महाराष्ट्र और दिल्ली से सुनाई पड़ती थीं कि उत्तर भारतीय यहां क्यों आते हैं। यहां आकर नौकरी क्यों करते हैं। अब महाराष्ट्र और दिल्ली की कतार में मध्य प्रदेश भी आ गया है। उत्तर भारतीय ही तय करते हैं कि केंद्र में सरकार किसकी बनेगी। तब क्या होगा।’