Kapil Mishra Video on Kejriwal: दिल्ली में आमादमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी एक-दूसरे पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। दोनों दलों का एक डेलिगेशन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाक़ात करेगा। इसी बीच बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है। ट्विटर पर वीडियो शेयर कर कपिल मिश्रा ने लिखा कि कैबिनेट की मीटिंग अब तिहाड़ के आंगन में होगी।

इस वीडियो में भाजपा नेता ने आप पर एक गाना बनाया है। गाने के बोल हैं, “दिल की दिल्ली का विनाश झूठे वादों से कर डाला, आंदोलन का सर्वनाश हाथों से कर डाला। यमुना का जल जहर हुआ है प्रभु आप के आने से, कोषागार नीलाम पड़ा है मुफ्त की रेवड़ियां बंटवाने से। नाली बनवाने के भी तुमने विज्ञापन दे डाले, जनता को दरबार में केवल लटके मिलते हैं ताले।”

फेसबुक पर दो लाख से ज्यादा लोगों ने देखा: कपिल मिश्रा ने दावा किया कि उनके इस गाने को फेसबुक पर दो लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है। सोशल मीडिया पर भी उनका यह गाना जमकर वायरल हो रहा है। लोगों ने उनके इस गाने पर तरह-तरह के रिएक्शन दिए।

आशीष सिंह (@Ashish_STweet) नाम के शख्स ने लिखा, “वाह कपिल जी, केजरी का असली चेहरा सिर्फ एक सांग मे पूरा दिखा दिया।” जैकी कुमार (@s_indipent) नाम के शख्स ने लिखा, “एक झूठा आदमी दूसरे को झूठा साबित करने में लगा है।”

राष्ट्रपति मुर्मू से मिलेंगे दोनों दलों के नेता: वहीं, दूसरी ओर दिल्ली में AAP और BJP की लड़ाई अब राष्ट्रपति तक पहुंच गई है। दोनों दलों के नेताओं का डेलिगेशन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा। आप विधायकों का डेलिगेशन 7 सितंबर 2022 को राष्ट्रपति से मिलेगा और ‘ऑपरेशन लोटस’ की शिकायत करेगा। आम आदमी पार्टी लगातार आरोप लगा रही है कि बीजेपी उनकी सरकार गिराने की कोशिश कर रही है।

आप सरकार को बर्खास्त करने की मांग: वहीं, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आप सरकार ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना का अपमान किया है। इस सरकार को तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए।’’ रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा विधायक 6 सितंबर 2022 को राष्ट्रपति से मिलेंगे।