बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष करतार सिंह नागर ने थाना बादलपुर में एक महिला के खिलाफ ब्लैकमेल करने और दो लाख रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। जिला अध्यक्ष ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को शक है कि पूर्व मंत्री को सुनियोजित तरीके से फंसाने की जा रही है।

महिला की बसपा नेता को धमकी: पुलिस उपाधीक्षक पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के मुताबिक अज्ञात महिला ने पहले उन्हें फोन कर मिलने के लिए समय मांगा। जब उन्होंने समय देने से मना कर दिया तो महिला ने उन पर दबाव बनाना शुरु कर दिया। इसके बाद महिला ने नागर को व्हाट्सएप पर मैसेज और फोटो भेजने शुरू कर दिए। महिला ने करतार से दो लाख रुपए की मांग की। वहीं पैसा न मिलने पर अब वह उन्हें फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दे रही है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

कौन हैं करतार सिंह नागर ः करतार सिंह नागर उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख के पैतृक गांव बादलपुर के रहने वाले है। राज्य की बसपा सरकार में नागर मंत्री पद पर भी रह चुके है। नागर गौतमबुद्ध नगर के बसपा जिलाध्यक्ष के साथ मेरठ मंडल के समन्यवक भी रहे हैं। सत्ता में आने के बाद मायावती ने करतार सिंह नागर को लोकनिर्माण विभाग का अध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया था। बादलपुर गांव के रहने वाले पूर्व मंत्री करतार सिंह नागर बसपा प्रमुख मायावती के काफी करीबी भी माने जाते हैं।