पंजाब में जीत के बाद उत्साहित आम आदमी पार्टी अब देशभर में विस्तार करने में जुटी हुई है। इसी क्रम में पार्टी ने घोषणा की थी कि वह आने वाले हिमाचल और गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ेगी। हिमाचल प्रदेश में तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संयुक्त रूप से रोड शो किया। लेकिन उसके बाद पार्टी को तगड़ा झटका लगा और आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया।

अब आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के कई नेताओं को अपने पाले में लाकर बीजेपी को करारा झटका दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता राजीव गौतम ने भी आम आदमी पार्टी ज्वाइन की है। शनिवार को हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रभारी दुर्गेश पाठक ने बीजेपी और कांग्रेस नेताओं को आम आदमी पार्टी में शामिल करवाया। बीजेपी एसटी मोर्चा के नेता पंकज पंकू, कांग्रेस प्रवक्ता राजीव गौतम, वरिष्ठ पत्रकार पंकज पंडित समेत बीजेपी के 32 प्रधानों और उपप्रधानों ने आम आदमी पार्टी जॉइन की।

पिछले हफ्ते बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर थे। इस दौरान AAP के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी, संगठन महामंत्री सतीश ठाकुर, ऊना के जिला अध्यक्ष इकबाल सिंह समेत कई नेताओं ने बीजेपी ज्वाइन की थी। AAP नेताओं के बीजेपी ज्वाइन करने पर अनुराग ठाकुर ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी और पार्टी में कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है।

बीजेपी में शामिल होने के बाद AAP के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं करते हैं। हिमाचल प्रदेश में भगवंत मान और केजरीवाल ने अपने रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं को अपनी गाड़ी पर नहीं आने दिया। कार्यकर्ताओं को धूप में खड़े किए रखा। वहीं AAP के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने AAP नेताओं के बीजेपी में जाने के पर कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ महिलाओं ने शिकायत की थी कि वह महिलाओं से के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और हम उन्हें निकालने वाले ही थे।

इसके बाद 11 अप्रैल को आम आदमी पार्टी की हिमाचल प्रदेश महिला अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत कई महिलाओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने महिला नेताओं को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करवाई थी।