उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP CM Yogi Adityanath) के लखनऊ आवास के बाहर बम मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर तुरंत बॉम्ब स्क्वाड की टीम पहुंच गई और छानबीन की गई। मुख्यमंत्री आवास के बाहर और उसके आसपास इलाकों में भी तलाशी ली गई। लेकिन बम नहीं मिला। मौके पर आला अधिकारी मौजूद हैं।
सूचना केवल अफवाह थी
उत्तर प्रदेश पुलिस (Uttar Pradesh Police) ने एक बयान जारी कर कहा कि यह सूचना केवल अफवाह थी, कोई बम नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि टीम सूचना देने वाले को पकड़ने का प्रयास कर रही है। जैसे ही बम मिलने की सूचना मिली, तुरंत अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए और सीएम योगी के आवास के अलावा आसपास के इलाकों में भी छानबीन की गई।
योगी आदित्यनाथ बांदा जिले में थे
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार यानी आज बांदा जिले (Banda District) में मौजूद थे। उन्होंने बांदा में कालिंजर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसानों को 10 दिन के अंदर गन्ने का भुगतान किया जा रहा है।
इसके अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ ने बांदा में महाराणा प्रताप (Maharana Pratap) की प्रतिमा का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में 121 चीनी मिले (Chini Mill) हैं, जो किसी भी प्रदेश में सबसे अधिक हैं। उन्होंने कहा कि चीनी का सबसे अधिक उत्पादन उत्तर प्रदेश में होता है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक एथेनॉल का उत्पादन करने वाला राज्य बन चुका है।
इससे पहले दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना मिली थी। लेकिन यह खबर भी अफवाह थी। बाद में दिल्ली पुलिस ने झूठी खबर देने के मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया था। बाद में पता चला कि सुनील सांगवान नाम के व्यक्ति ने केवल इसलिए बम की खबर दी थी, क्योंकि उसकी ट्रेन छूट रही थी। सुनील ने मुंबई राजधानी एक्सप्रेस में बम होने की खबर दी थी। कॉल के बाद झूठी सूचना देने और अधिकारियों को गुमराह करने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया था।