तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को लेकर उठा विवाद अभी थमा भी नहीं कि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने द्रमुक प्रमुख करुणानिधि और उनकी बेटी कनिमोझी को लेकर विवादास्पद बयान दे दिया है। भाजपा नेता एच. राजा ने कनिमोझी को एम. करुणानिधि की अवैध संतान करार दिया है। भाजपा नेता ने एक ट्वीट कर कहा कि तमिलनाडु के पत्रकार सिर्फ राज्यपाल को लेकर ही सवाल क्यों उठाते हैं? वे उस व्यक्ति को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाते हैं जिनकी एक अवैध बेटी है और जिन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया गया है? बता दें कि मंगलवार (17 अप्रैल) को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एक महिला पत्रकार ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से सवाल पूछा था, जिसके बाद वह मीडियाकर्मी की गाल सहलाने लगे थे। इसको लेकर राज्य में विवाद खड़ा हो गया है। अब भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने द्रमुक प्रमुख और सांसद कनिमोझी को लेकर ही विवादास्पद बयान दे दिया है। दोनों घटनाओं को लेकर तमिलनाडु की राजनीति अचानक से गरमा गई है।
#BREAKING: BJP National Secy, @HRajaBJP courts controversy; called ‘Kanimozi, an illegitimate child of Karunanidhi.’ pic.twitter.com/CyldBScgPV
— Mirror Now (@MirrorNow) April 18, 2018
विवादों से है पुराना नाता: भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच. राजा अपने विवादित बयानों को लेकर अक्स विवादों में रहते हैँ। वह एम. करुणानिधि को हिंदू विरोधी और हिंदुओं का दुश्मन करार दे चुके हैं। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा की अप्रत्याशित जीत के बाद राज्य में लेनिन की दो मूर्तियों को तोड़ दिया गया था। इस बीच, एच. राजा ने सोशल साइट पर पोस्ट जारी कर पेरियार की मूर्ति को भी क्षतिग्रस्त करने की बात कह डाली थी। मूर्तियों को क्षतिग्रस्त करने की लगातार हो रही घटनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सख्त बयान जारी किया था। इस मामले पर विवाद ज्यादा बढ़ने के बाद राजा ने विवादित पोस्ट को तत्काल हटा दिया था। बाद में उन्होंने इसपर सफाई देते हुए दुख भी जताया था। बता दें कि कोयंबटूर में पेरियार की प्रतिम को नुकसान पहुंचाया गया था। उन्होंने मूर्ति तोड़े जाने पर दुख भी प्रकट किया था। तमिनाडु के अलावा केरल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में भी महान विभूतियों की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाय गया था। महात्मा गांधी से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस तक की मूर्तियों से छेड़छाड़ की गई थी।