उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सुनील बंसल को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया है। इसकी जानकारी बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा दी गई। सुनील बंसल यूपी की राजनीति में काफी समय से सक्रिय रहे हैं।

सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना के प्रदेश प्रभारी के तौर पर अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। इसके अलावा, झारखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल को प्रदेश महामंत्री (संगठन) उत्तर प्रदेश नियुक्त किया गया है। प्रदेश सह संगठन मंत्री, उत्तर प्रदेश कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) झारखंड की जिम्मेदारी दी गई है।

सुनील बंसल उत्तर प्रदेश इकाई में लंबे समय से संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री सुनील बंसल को वर्ष 2014 में उत्तर प्रदेश में भाजपा का संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया था। प्रदेश में भाजपा के शानदार प्रदर्शन में सुनील बंसल का खासा योगदान रहा है।

भाजपा की जीत में रहा बंसल का बड़ा योगदान

बंसल के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभालने के दौरान, भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनावों में प्रचंड जीत दर्ज की। वहीं, एक बार फिर पांच साल बाद 2022 के चुनावों में भी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया और लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। वहीं, 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया तो 2019 के चुनाव में पार्टी ने इस प्रदर्शन को एक बार फिर दोहराया। सुनील बंसल को रणनीति बनाने में माहिर माना जाता है।

तेलंगाना की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई

काफी समय से ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि उन्हें यूपी की राजनीति से अलग राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए जाने के लिए तेलंगाना में होने वाले चुनाव को देखते हुए उन्हें इस राज्य की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। ऐसे में बंसल को तेलंगाना जैसे राज्य में पार्टी को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी भी होगी।