अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर कुछ ऐसा कहा है, जिस पर विवाद हो सकता है। दरअसल मीडिया से बात करते हुए सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मुस्लिम धर्म में लोग 50 पत्नी रख सकते हैं और 1050 बच्चे पैदा करते हैं। यह कोई परंपरा नहीं है, बल्कि एक जानवरी प्रवृत्ति है।

बलिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह सोमवार को जिला अस्पताल में निशुल्क सीटी स्कैन के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक ने उपरोक्त बात कही। इतना ही नहीं सुरेंद्र सिंह ने बरेली के भाजपा विधायक की बेटी साक्षी द्वारा एक दलित युवक अजितेश से शादी करने पर भी टिप्पणी की। सुरेंद्र सिंह ने इस मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि ‘साक्षी को अपने इस फैसले पर भविष्य में पश्चाताप करना पड़ेगा। साक्षी ने जिस दलित लड़के अजितेश से शादी की है, उसने दो-दो शादियां की हैं। अजितेश साक्षी को रखेगा नहीं, बल्कि कुछ दिनों के बाद छोड़ देगा। संबंध हमेशा संस्कारों से होते हैं। पिता और मां बच्चों को अच्छे से रखते हैं।’

बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है कि भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने विवादित बयानबाजी की हो, इससे पहले भी कई बार वह अपने बयानों से चर्चा में आ चुके हैं। बीते अप्रैल में बलिया में एक कार्यक्रम के दौरान भी सुरेंद्र सिंह ने अपने एक बयान में मुस्लिम समाज पर निशाना साधते हुए कहा था कि एपीजे अब्दुल कलाम और वीर अब्दुल हमीद सरीखे कुछ अच्छे लोगों को छोड़ दें तो इस समाज के ज्यादातर लोग राष्ट्रविरोधी और आतंकवादी स्वभाव के हैं। मोदी और योगी के युग में ये वायरस पनपने वाले नहीं हैं। केन्द्र में फिर से मोदी सरकार बनने पर देश तोड़ने की नीयत रखने वालों को हमेशा के लिए तोड़कर रख दिया जाएगा।

इसी साल बीती जनवरी में भी सुरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी की तुलना रावण और प्रियंका गांधी की तुलना शूर्पणखा से की थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान राम से की थी। जिसे लेकर उन्हें लोगों ने खूब निशाने पर लिया था।