Gopalganj BJP MLA Subhash Singh Death: बिहार में भाजपा-जदयू गठबंधन की नीतीश कुमार सरकार में सहकारिता मंत्री और गोपालगंज सदर से लगातार चार बार विधायक रहे कद्दावर नेता सुभाष सिंह का मंगलवार तड़के चार बजे दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। परिजनों के मुताबिक वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कुछ दिन पहले उनका एम्स में ही किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। हालांकि उसके बाद वह ठीक होकर अपने घर गोपालगंज लौट आए थे, लेकिन बाद में स्वास्थ्य बिगड़ने पर उनको फिर से एम्स में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार की भोर में उन्होंने अंतिम सांस ली।

सुभाष सिंह की गिनती भाजपा के तेज तर्रार नेताओं में की जाती थी। वह गोपालगंज सदर से 2005, 2010, 2015 और 2020 में लगातार विधायक निर्वाचित होते रहे। भाजपा और जनता दल (यू) के नीतीश कुमार सरकार में वे सहकारिता मंत्री बनाए गए थे।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक व्यक्ति किया है। उन्होंने कहा कि सुभाष सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उन्होंने उनके बेटे अनिकेत सिंह से फोन पर बात कर अपनी संवेदना जताई।

सीएम नीतीश कुमार ने कहा, “वे एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। वे मृदुभाषी और सरल स्वभाव के थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूर्णीय क्षति हुई है।” उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सुभाष सिंह के निधन पर शोक व्यक्ति किया है।