कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में एक भाजपा विधायक के खुदकुशी की कोशिश करने का मामला सामने आया है। घातक कदम उठाने वाले विधायक जी शेखर का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना जिले के होसदुर्ग पुलिस थाने के पास की है। पुलिस ने विधायक पर कथित रूप से अवैध बालू ले जाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। आरोप के मुताबिक विधायक जब्त किए गए ट्रैक्टर छुड़ाने का दबाव बना रहे थे। साथ यही भी कहा कि दबाव में कार्रवाई नहीं रोकी गई तो विधायक ने पुलिस थाने के सामने ही पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली।

आंख-कान में घुसा पेट्रोलः डॉक्टरों के मुताबिक खुदकुशी की कोशिश के दौरान पेट्रोल उनकी आंख और कान में चला गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। इस घटना के बाद विधायक के सैकड़ों समर्थक मैदान में उतरे। समर्थकों ने सहायक पुलिस आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। वहीं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने भी अस्पताल जाकर शेखर से मुलाकात की। येदियुरप्पा ने शेखर से जनता के हितों के लिए लड़ते रहने को भी कहा। उन्होंने राज्य सरकार पर भी अवैध खनन घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया।

विधायक ने पुलिस पर लगाए आरोपः शेखर ने पुलिस पर बालू माफियाओं पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही कहा, ‘पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं पर जबरन केस दर्ज कर रही है और आम लोगों को परेशान कर रही है।’ वहीं होलालकेरे से भाजपा विधायक एम चंद्रप्पा ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि पुलिस अवैध खनन के नाम पर आम आदमी को परेशान करना बंद नहीं करेगी तो जनता थाने पर हमला कर आग लगा देगी।