रामलीला मैदान में समरसता खिचड़ी पकाने के बाद भाजपा दिल्ली के हर जिले में खिचड़ी पकाएगी। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए भाजपा यह पहल कर रही है। इसकी शुरुआत सोमवार को पश्चिमी दिल्ली के हस्तसाल गांव से हुई। अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सांसद प्रवेश वर्मा की अध्यक्षता में खिचड़ी का आयोजन किया। सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है। इसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिराहा ने कहा कि भाजपा इस योजना से लोगों को बांटने वाली पार्टियों से देश को बचाना चाहती है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं का भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि हर वर्ग को इन योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
अबकी बार भाजपा 400 के पार: लोकसभा चुनाव के लिए अबकी बार भाजपा 400 के पार की मुहिम के साथ मैदान में उतरेगी। इसके लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक अभियान शुरू किया है। इस मुहिम को नमो अगेन 2019 का नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव काफी अहम है। इसलिए केंद्र सरकार की योजना को आम जनता के बीच ले जाया जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया है। आम आदमी पार्टी सभी क्षेत्रों के भाजपा सांसदों व विधायकों के साथ सौतेला व्यवहार करती है। इस वजह से दिल्ली सरकार ने उनके क्षेत्रों में एक भी विकास कार्य नहीं किया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि आम आदमी पार्टी महिला विरोधी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के कार्यालय के कर्मचारी द्वारा एक युवती से बलात्कार का मामला सामने आया है। ऐसे कार्यकर्ताओं को संरक्षण देने के लिए परिवहन मंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री के कार्यालय में काम करने वाला आरोपी नवीन इस समय जमानत पर बाहर है।

