मिशन 2019 को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां करना शुरू कर दिया है। ऐसे में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महापौर आलोक शर्मा के निवास पर बैठक हुई। इस बैठक के दौरान दो भाजपा महिला नेताओं के बीच हाथापाई हुई। हाथापाई इतने बढ़ गई कि एक महिला नेता ने दूसरी महिला नेता को थप्पड़ जड़ दिया।

कौन हैं वो महिला नेता: दरअसल लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर आलोक शर्मा के निवास पर एक बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान भोपाल उत्तर विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहीं फातिम सिद्दीकी और अग्रसेन मंडल अध्यक्ष रुक्मिणी मालवीय के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। कुछ ही देर में बहस ने हाथापाई का रूप ले लिया जिसका बाद फातिमा सिद्दीकी ने रुक्मिणी मालवीय को थप्पड़ जड़ दिया। बढ़ते विवाद को देख पूर्व विधायक व लोकसभा सीट के चुनाव प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, पूर्व संगठन मंत्री सुरेश आर्य और महापौर शर्मा को बीच बचाव करना पड़ा। वहीं इस पूरे मामला में महापौर ने कहा कि आपसी मनमुटाव रहते हैं, लेकिन दोनों पक्षों को समझा लिया गया।

भरी बैठक में निकाला चाकू: जानकारी के मुताबिक हंगामे के दौरान जब फातिमा और रुक्मिणी के बीच विवाद चल रहा था तब फातिमा के पति भी इसमें शामिल हो गए और उन्होंने बीच बचाव कर करे कार्यकर्ताओं को चाकू निकालकर डराया साथ ही हमला करने की भी धमकी दी। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक विवाद बैठक में एक दूसरे को देखने पर शुरु हुआ जिसमें फातिमा ने रुक्मिणी द्वारा घूरने पर आपत्ति जताई और साथ ही उन्हें पार्टी से बाहर करने की बात कही। वहीं रुक्मिणी ने उनपर पलटवार करते हुए कहा कि चार दिन में वो फैसला लेने वालीं कोई नहीं होतीं की कौन पार्टी में रहेगा और कौन नहीं। इस बीच फातिमा ने रुक्मिणी को थप्पड़ रसीद कर दिया। इसके साथ ही फातिमा के पति ने कहा कि पहले आरिफ बेग और फिर हमें हराया। सब कांग्रेस के लिए काम कर रहे थे। इसके बाद विवाद ने अधिक तूल पकड़ लिया और हाथापाई शुरू हो गई।

एकजुटता है भाजपा की पहचान: इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी आलाकमान को भी दी गई। जिसके बाद वहां से सभी के लिए समझाइश आई। वहीं दोनों पक्षों को सुनने के बाद जसवंत सिंह हाड़ा ने नेताओं से कहा कि एकजुटता ही हमारी पहचान है। हमें एक जुट होकर ही मैदान में टिके रहना है।