महाराष्ट्र के नासिक में भाजपा के एक नेता की दबंगई का मामला सामने आया है। बताया गया है कि भाजपा नेता राजेंद्र ताजने ने एक कोविड अस्पताल में दबंगई दिखाई और उसका गेट तोड़कर गाड़ी अंदर घुसा दी। बताया गया है कि कुछ दिन पहले ही इस कोविड सेंटर में राजेंद्र के पिता की मौत हो गई थी। इस पर भाजपा नेता ने अस्पताल प्रशासन पर पिता का ठीक से इलाज न करने का आरोप लगाया था। अब इस घटना के बाद ताजने को हिरासत में ले लिया गया है।
यह घटना नासिक के बिटको हॉस्पिटल की है। इस कोविड अस्पताल को नासिक महानगरपालिका की तरफ से चलाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम को भाजपा पार्षद सीमा ताजने के पति राजेंद्र ताजने ने नशे में धुत हो कर अपनी इनोवा कार सीधे अस्पताल के गेट में घुसा दी। इसके बाद भाजपा नेता ने अस्पताल पर पत्थर फेंका और गाली-गलौज की। हंगामे के बाद पुलिस ने ताजने को हिरासत में लिया।
पिता की मौत से गुस्से में थे भाजपा नेता: राजेंद्र ताजने के पिता को करीब 10 दिन पहले कोरोना से हालत बिगड़ने के बाद बिटको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसी को लेकर ताजने अस्पताल प्रशासन से गुस्से में थे। शनिवार को उन्होंने इसी गुस्से में अस्पताल में इस हरकत को अंजाम दिया।
महाराष्ट्र के पांच सबसे प्रभावित शहरों में नासिक भी: महाराष्ट्र में जहां कोरोना का आंकड़ा धीरे-धीरे नीचे आ रहा है, वहीं कुछ शहरों में अब भी हालात खराब बने हुए हैं। इनमें नासिक भी शामिल है। दरअसल, जिले में हर दिन करीब दो हजार केस दर्ज हो रहे हैं। वहीं एक्टिव केसों की संख्या भी 20 हजार के पार बनी हुई है। इस बीच यहां मौतों का आंकड़ा चार हजार के पार जा चुका है। इससे पहले सिर्फ चार और जिलों- पुणे, मुंबई, ठाणे और नागपुर में ही कोरोना से चार हजार मौतें दर्ज की गई थीं।