भाजपा के वोट बांटकर बोचहां विधानसभा उपचुनाव में आरजेडी की जीत में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने अहम भूमिका निभाई थी, जिसके बाद दोनों पार्टियों के बीच रिश्तों में गर्माहट देखने को मिल रही हैं। शुक्रवार को आरजेडी के बड़े नेताओं की ओर से पटना में आयोजित इफ्तार पार्टी में अति पिछड़ा नेता और वीआईपी पार्टी के मुखिया मुकेश सहनी को न्योता दिया गया है।
इसके साथ आरजेडी की इस इफ्तार पार्टी में जमुई से सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान को बुलाया गया है। इस इफ्तार पार्टी के जरिए आरजेडी की कोशिश बिहार में एम-वाई (मुस्लिम-यादव) की राजनीति से आगे बढ़कर ए टू जेड तक के समीकरण की राजनीति नीव रखना है। बता दें, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पहले ही चिराग को महागठबंधन में शामिल होने का ऑफर दे चुके हैं।
चिराग की बात की जाए तो चाचा पशुपतिनाथ पारस की ओर से पार्टी में विभाजन करके एनडीए गठबंधन में जाने के बाद उनके पास राजनीति में काफी सीमित बिकल्प बचे हैं। वहीं सहनी की भी लगभग यही स्थिति है। सहनी की पार्टी विधानसभा चुनाव 2020 से पहले आरजेडी नेतृत्व वाले महागठबंधन का हिस्सा थी लेकिन उसके बाद वह एनडीए में शामिल हो गई थी। फिलहाल विकासशील पार्टी के सभी विधायक भाजपा में शामिल हो गए, जिसके बाद से एनडीए में लगातार सहनी को गठबंधन में लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। राजनीतिक पंडित यह मान रहे हैं कि सहनी को राजनीति में अपना अस्तित्व बचाए रखाना है तो उन्हें जल्द बड़ा फैसला लेना होगा।
गौरतलब है कि बोचहां विधानसभा उपचुनाव में सहनी वोट ने भाजपा को हराने में अहम भूमिका थी। इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार बेबी कुमारी को करीब 36 हजार वोट मिले थे जबकि विकासशील पार्टी के उम्मीदवार गीता कुमारी को करीब 29 हजार वोट मिले थे, जिस कारण आरजेडी को एक उपचुनाव में बड़ी जीत मिली थी।
कुछ दिनों पहले लालू यादव के करीबी माने जाने वाले भोला यादव ने मुकेश सहनी को आरजेडी गठबंधन में शामिल होने का फार्मूला बताया था। आरजेडी नेता ने कहा कि सहनी अगर बिना शर्त के तेजस्वी यादव के नेतृत्व में काम करना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। इस पर सहनी ने उनका शुक्रिया कहा था।