बिहार सरकार में मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश साहनी विधान परिषद चुनाव में टिकट न मिलने पर भाजपा पर भड़क उठे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बात न मानकर गलती कर दी। उन्होंने कहा उनकी बात मान लिए होते तो ये दिन नहीं देखने पड़ते। राजद की तरफ से चार मंत्री और डिप्टी सीएम का ऑफर हमने ठुकरा दिया था।
सहनी ने इस दौरान कहा कि उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से बाहर कर दिया गया है। ऐसा नहीं होता तो उन्हें भी हिस्सेदारी मिलती। उन्हें एक तरह से एनडीए से निकाल दिया गया है, लेकिन वे नीतीश सरकार का हिस्सा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बढ़ते कद और पार्टी के क्षेत्र में विस्तार के कारण सहयोगी पार्टियों द्वारा दबाया जा रहा है।
साहनी ने कहा, ” आज हम लोग निषाद हैं। स्वाभिमान के साथ चलते हैं। कभी किसी के साथ गद्दारी नहीं करते हैं। लेकिन आज मुझे अफसोस हो रहा शायद उस रोज हम लालू जी की बात मान लेते तो ये दिन नहीं होता। लेकिन हम लोग स्वाभिमानी हैं। हमें अभी भी भरोसा है हमने जो निर्णय लिया सही लिया। नहीं तो चार-चार मंत्री बनाने का ऑफर था, डिप्टी सीएम बनाने का ऑफर था और भी बहुत सी चीजे थीं। इसके बावजूद हमने ठुकरा दिया। राज्यपाल कोटा से 12 एमएलसी बनना था, उसमें से छह का ऑफर था। हमने ये सब चीज ठुकराया और माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का सरकार बनाया। हमने एनडीए का सरकार बनाया।”
साहनी ने कहा, “आज एनडीए में क्या हो रहा है। किस तरह से लोग परेशान कर रहे हैं। साथियों आपको इसी तरह परेशान करेंगे। आपको अग्निपरिक्षा देना पड़ेगा, जिस तरह से मैं दे रहा हूं। मेरे लिए तो आसान था। कल हमारा प्रत्याशी भी साथ छोड़कर चला गया, जिसके लिए हम लड़ रहे थे। हमारे लिए पीछे हटना आसान था, लेकिन नहीं आज पीछे हटेंगे तो हमेशा पीछे हटाएंगे।”
साहनी ने यह भी कहा, ” आजादी के 75 साल से हमेशा हमारे लोगों को पीछे हटाया जाता रहा। एक लोभ लालच देकर, सांसद और विधायक का टिकट देते रहा और हमारे लोग उनके पीछे घूमते रहे। समय को बदलना है और इसलिए हमें पीछे नहीं हटना है। अंजाम जो भी हो परवाह नहीं करना है। जब आपका और हमारा साथ है तो फिर जनता डिसिजन लेगी। हम जनता के बीच जाएंगे। कौन सही है कौन गलत है जनता समझेगी? एक-एक लोग के बीच जाएंगे। हर जाति और धर्म के लोगों के बीच जाएंगे। पूरा भरोसा है हम ये चुनाव जीतकर जाएंगे। आपको पता है कि हमने कितन अनुभवी प्रत्याशी को उतारा है। लोग उनको पसंद करते हैं। हम सभी को मजबूती से लड़ाई लड़ना है। परिणाम की चिंता नहीं करना है।”