बिहार में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। बिहार के भागलपुर की प्रमंडलीय आयुक्त वंदना किन्नी भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। भागलपुर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डा.गौरव कुमार ने इसकी पुष्टि की है। शुक्रवार को 901 लोगों की आई पॉजिटिव रिपोर्ट में कमिश्नर की भी रिपोर्ट है। भागलपुर में जिला प्रशासन के तमाम आलाधिकारी पृथकवास होकर इलाजरत है। ज़िलाधीश प्रणव कुमार का इलाज पटना में चल रहा है। उनकी पत्नी और बच्चे भी संक्रमित है। इसके अलावे एडीएम, डीडीसी, डीपीएम, साथ ही अन्य अधिकारी और कर्मचारी का इलाज विभिन्न जगहों पर किया जा रहा है। नतीजतन रोजमर्रे का काम भी प्रभावित हो गया है।
दो दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी भी संक्रमित हैं। जिला प्रशासन के कर्मचारियों का भी संक्रमित होने का सिलसिला जारी है। वहीं, प्रखंड स्तर के भी ज्यादातर अधिकारी और कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावे कोरोना संक्रमण ने जेलों में बंद कैदियों व कर्मचारियों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी संक्रमण से कोई नहीं बचा है। शहरी इलाकों में भी तेजी से फैल रहा है।
जिले में अब तक 14 सौ से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यहां 16 लोगों की जानें भी चली गई। नगर निगम कर्मी और पार्षद भी कोरोना की गिरफ्त में है। प्रमंडलीय आयुक्त दफ्तर के नाजिर कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। वहां के दो और कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव होने बात कही जा रही है। डीएम कार्यालय, डीआरडीए, जिला परिषद, डीसीएलआर बगैरह दफ्तर के एक दर्जन कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
भागलपुर के एसडीओ भी कोरोना से संक्रमित हैं। एक साथ कई अधिकारियों और कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रमंडलीय कार्यालय व समाहरणालय परिसर में कर्मचारियों के बीच हडकंप मच गया है। डर से कई कार्यालय को बंद कर दिया गया है। कई कर्मचारी ख़ौफ़ से दफ्तर आना बंद कर दिया है। कचहरी परिसर में सन्नाटा पसरा है।
केंद्र सरकार ने बिहार में फैलते कोरोना के संक्रमण का कारण पता लगाने के लिए एक टीम भेजने की तैयारी की है।शुक्रवार को 901 लोगों की बिहार में संक्रमितों की रिपोर्ट के मुताबिक पटना 99, भागलपुर 63, सिवान 122, पश्चिमी चंपारण 98, नालंदा 105, नवादा 47, लखीसराय 40 है। बिहार के 38 ज़िलों में संक्रमण से कोई अछूता नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बिहार में बीते 24 घंटे में 1742 मामले नए आए है। इस हिसाब से कुल संक्रमितों की संख्या 23300 हो चुकी है। 167 जनों की मौतें हुई है। स्वस्थ होकर घर जाने वाले अबतक 14101 है।
