कांग्रेस में आधिकारिक रूप से प्रियंका गांधी की एंट्री हो चुकी हैं। लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका को पार्टी में लाकर काग्रेस ने बड़ा दांव चला है। राजनीतिक जानकार प्रियंका के आने को एक नए युग की शुरूआत बता रहे हैं। लेकिन कांग्रेस पर लंबे अरसे तक हाथ रखने वालीं सोनिया गांधी का दौर खत्म होता दिख रहा है। यह कयास उस वक्त से लगाए जा रहें हैं, जबसे काग्रेस की एक रैली के पोस्टर सामने आए हैं।

दरअसल, बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस की रैली होनी है। कांग्रेस 3 फरवरी को जन आकांक्षा नाम से रैली निकालेगी। यह रैली भारतीय जनता पार्टी पर हमला करने के लिए होगी। इस रैली के लिए छपे पोस्टरों पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कई नेताओं की तस्वीरें दिखीं। लेकिन कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तस्वीर पोस्टर में नहीं थी। जबकि बताया जा रहा है कि बीते 28 साल में कांग्रेस की पटना में यह सबसे बड़ी रैली होगी।

पटना में लगे पोस्टर
फोटो सोर्स : Twitter

रैली के लिए छपे पोस्टरों पर अलग-अलग स्लोगन भी लिखे हैं। जो भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। पोस्टरों पर लिखा गया है कि, उम्मीद पर चला हथौड़ा, युवा तल रहा पकौड़ा। दूसरे पर लिखा कि, चौकीदार हो गया मनमौजी, सीमा पर शहीद हो रहा फौजी। इस स्लोगन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा गया। इतना ही नहीं, इन पोस्टर में मशहूर जासूस जेम्स बॉन्ड को भी घसीट लिया गया। पोस्टर पर लिखा गया कि एम ने बॉन्ड से पूछा, आपको आपनी नई कार कैसी लगी? उसका जवाब आया- अब नहीं चाहिए, साहेब की सरकार।

बता दें कि, बीते दिनों भी प्रियंका गांधी का पोस्टर सामने आया था। यह पोस्टर प्रयागराज में लगे दिखाई दिए थे। इनमें प्रियंका को देवी दुर्गा के अवतार में दिखाया गया था। प्रियंका के दुर्गा रूप वाले पोस्टर स्थानीय कांग्रेस नेता इरशाद उल्लाह और अनिल चौधरी ने लगवाए थे। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तस्वीर भी थी। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई पर रोक, युवाओं को रोजगार, किसानों को कर्जमाफी, लोकपाल बिल, राम मंदिर, मुस्लिम-दलितों की सुरक्षा जैसे मुद्दों का जिक्र भी किया गया था।