Bihar CM Nitish Kumar Janta Darbar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में उस वक्त सभी लोग हैरान रह गए, जब एक फरियादी महिला रोती-गिड़गिड़ाती हुई मुख्यमंत्री के दरबार में पहुंची और मुख्यमंत्री से अपनी परेशानी साझा की। महिला की बात सुनते ही नीतीश कुमार ने अपने पीए से तुरंत डीजीपी को फोन लगाने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने डीजीपी से फरियादी महिला की शिकायत का निस्तारण करने की बात कही।

फरियादी महिला ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि आरोपी फेसबुक और वाट्सएप पर बड़ी लड़की के साथ छोटी लड़की और हमारे पूरे परिवार का फोटो वायरल कर रहा है। पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि बड़ी लड़की की शादी तय हो गई है। 2 दिसंबर को मेरी बेटी की शादी है। ऐसे में आपकी सहायता चाहिए है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री को बताया की आरोपी धमकी दे रहा है कि लड़की को उठा ले जाएंगे, गोली चलवाएंगे। हमारी लड़की बहुत डरी और सहमी हुई है। आरोपी ने मुझे समाज में जीने लायक नहीं छोड़ा है।

पीड़ित महिला की इन सभी बातों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तुरंत अपने पीए को फोन लगाने के लिए कहा। इस पर पीए ने मुख्यमंत्री से पूछा कि पुलिस विभाग को लगाएं या डीजीपी को। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा डीजीपी को फोन लगाओ।

मुख्यमंत्री ने डीजीपी से कहा, ‘अरे महिला की पूरी कहानी सुन लीजिए। इनकी लड़की का कोई फोटो सोशल मीडिया पर डाल करके उसको बदनाम कर रहा है। वो उसी को रखे हुए था। लड़की अब इन लोगों के घर चली आई है। जरा इस मामले को देख लीजिए और एक्शन लीजिए। बता दें सीएम नीतीश कुमार ने बिहार की जनता की परेशानियों को सुनने और उनके निराकरण के लिए सोमवार (5 सितंबर, 2022) को जनता दरबार लगाया था।

बुजुर्ग महिला ने सीएम नीतीश से कहा- किराएदार मेरा घर खाली नहीं कर रहे

वहीं एक अन्य बुजुर्ग महिला ने भी जनता दरबार में सीएम नीतीश कुमार को अपनी परेशानी बताई। बुजुर्ग महिला ने बताया सीएम को बताया, ‘मेरे घर में किराएदार है। दो तीन साल से बहुत परेशान कर रहे हैं। शराब पीकर गाली देते हैं। हमें मारते भी हैं। धमकी देते हैं, चाकू लेकर मारने आता है। हम अपनी फरियाद लेकर कई अधिकारियों के पास गए, लेकिन हमारी परेशानी को किसी ने नहीं सुना। विधायक के पास भी गए लेकिन कुछ नहीं हुआ।

फरियादी महिला ने कहा कि किराएदार दो साल से पैसा भी नहीं दे रहे हैं। सर हम बहुत उम्मीद लेकर आए हैं। मेरा घर खाली करा दीजिए। महिला की बात सुनते ही सीएम ने मामले को संबंधित थाने को देखने के लिए कहा। साथ मामले का तत्काल निस्तारण करने का निर्देश दिया।