Prashant Kishor: जन सुराज यात्रा पर निकले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बुधवार (12 सितंबर) को बिहार में पिपरा पंचायत के लोगों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब देश आजाद हुआ तो गांधी जी, बाबासाहेब अंबेडकर ने जनता को अधिकार दिया कि देश का राजा वही बनेगा जिसको आप चुनेंगे, राजा का लड़का राजा नहीं बनेगा।
चुनावी रणनीतिकार ने कहा कि देश में अब लोकतंत्र है जिसको गरीब जनता देश वोट करेगी वही राजा बनेगा। पहले वाला समय अब चला गया है। जनता एक बार जाग जाएगी तो सबको बता देगी। प्रशांत किशोर ने पश्चिम चंपारण में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “अब राजा का बेटा राजा नहीं बनेगा, राजा वही बनेगा, जिसे जनता वोट करेगी। लोकतंत्र में राजा का लड़का राजा नहीं बन सकता है। ठीक है ना।” लोगों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि अब बिहार के बच्चों के भविष्य के लिए वोट डालिए, न की लालू, नीतीश या मोदी के नाम पर।
गांधी जी का फोटो लेकर चले हैं: जन सुराज यात्रा पर निकले पीके ने कहा कि हम गांधी जी का फोटो लेकर चले हैं, याद रखिए गांधी के सामने समाज खड़ा हो गया तो देश आजाद हो गया। आप लोग फिर से गांधी के साथ एक बार खड़े हो जाइए और आपकी गरीबी दूर होगी।
स्थानीय लोगों से बात करते हुए पीके ने कहा कि बिहार में 13 करोड़ की आबादी में से 8 करोड़ आबादी ऐसी है जिसे दिन का 100 रुपया भी नहीं मिलता है। यहां तीन करोड़ परिवार में से केवल 1250 से 1500 परिवार के लोग ही सांसद या विधायक बन रहे हैं, दूसरे किसी को मौका नहीं मिलता।
आपको सजग करने आए हैं: चुनावी रणनीतिकार ने कहा कि 20 सालों से वही परिवार राज कर रहा है, इनके अनुसार दूसरा कोई काबिल नहीं है। जो आदमी राजनीति में आना चाहता है जिसके अंदर बिहार में व्यवस्था परिवर्तन को लेकर जुनून है, वैसे लोग संसाधन या व्यवस्था की कमी से पीछे न छूटे, यही हमारी कोशिश है। पीके ने लोगों से कहा कि जन सुराज पद यात्रा में हम आपको सिखाने और समझाने नहीं आए हैं बल्कि आपको सिर्फ सजग करने आए हैं।