Bihar Politics: बिहार में लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के साल 2024 लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे के बाद अन्य पार्टियों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पिछले चुनाव में बीजेपी के साथ रहे चिराग पासवान ने भी अब इशारा किया है कि उनकी पार्टी भी राज्य की सभी 40 लोकसभा सीटों पर अपनी किस्मत आजमा सकती है।
राजधानी पटना में मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने कहा कि हर पार्टी विस्तार करना चाहती है। अमित शाह भी यही कर रहे हैं। हम भी लोकसभा चुनाव 2024 में सभी 40 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। आप जानते हैं कि हम हाल ही में अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए बिहारशरीफ नालंदा गए। आज हम मोकामा जा रहे हैं। हम बिहार की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
चिराग पासवान ने मीडिया से कहा कि आप जानते हैं कि लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) की बिहार की हर लोकसभा में यूनिट है और वो काम भी कर रही हैं। चिराग से जब सवाल किया गया कि क्या वो लोकसभा चुनाव में अपने चाचा की पार्टी से गठबंधन करेंगे तो उन्होंने जवाब दिया कि इस जन्म में यह संभव नहीं है।
बता दें कि चिराग पासवान, पशुपति कुमार पारस और उपेंद्र कुशवाहा खुलकर बीजेपी का समर्थन कर रहे हैं। सभी को उम्मीद है कि बीजेपी उनके साथ 2024 लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में गठबंधन करेगी लेकिन अमित शाह के ऐलान के बाद यह तीनों नेताओं के लिए बड़े झटका माना जा रहा है। अमित शाह ने नवादा रैली के दौरान यह दावा किया था कि बीजेपी बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
इस दौरान चिराग पासवान ने राम नवमी के दौरान हिंसा के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के गृहमंत्री भी हैं। उनका इंटेलीजेंस कहा है। इमारतों की छतों पर पत्थर कैसे जमा किए गए। बिहारशरीफ और सासाराम के प्रशासन को इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं थी। इसके लिए कौन जिम्मेदार है। जेडीयू इसके लिए बीजेपी को जिम्मेदार बता रही है। अगर यह सच है तो बीजेपी के नेताओं को सॉलिड प्रूफ के साथ एक्सपोज करो, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजो।