Lok Sabha elections 2024: अरुणाचल प्रदेश के बाद अब मणिपुर में भी जदयू के विधायकों ने नीतीश कुमार का साथ छोड़ दिया है। मणिपुर में जदयू के 6 विधायकों में से पांच विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसी मुद्दे पर चल रही एक टीवी डिबेट के दौरान एंकर के सवाल पर आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर भारत की लामबंदी से भारतीय जनता पार्टी सहम गई है।

टीवी डिबेट के दौरान एंकर ने आरजेडी प्रवक्ता से कहा कि बीजेपी कह रही है कि आप (आरजेडी) AIMIM को तोड़े तो कोई दिक्कत नहीं है। अब अगर जेडीयू के छह में से पांच विधायक बीजेपी में चले गए तो आप लोग कहते हो कि हाइजैक कर लिया।

एंकर के इस सवाल पर आरजेडी प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि जो विपक्ष ने स्लोगन दिया है, उस पर भारत सरकार सहम गई है। देश की हुकूमत सहमी हुई है। उन्होंने कहा कि जहां तक AIMIM का सवाल है, तो वो लोग अपनी मर्जी से आए। हमने तोड़ा नहीं है।

आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि जो गठबंधन आपके साथ नेचुरल है। उसके बाद आपने (बीजेपी) सत्ता में रहते हुए गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कहते हैं कि क्षेत्रीय पार्टियों को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि पीपल पोलराइजेशन जब होता है, तब कोई पार्टी काम नहीं करती है। पार्टियां लामबंद होती चली जाती हैं। इस देश का मिजाज यही है। शक्ति यादव ने कहा कि पूरा हिंदी पट्टी का इलाका और पूरा उत्तर भारत इस तरह से लामबंद होते जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी का सहमना लाजिमी है।

आरजेडी प्रवक्ता ने आगे कहा कि बिहार एक ऐसी राजनैतिक प्रयोगशाला है, जहां पार्टियों को समाप्त करने की जिसने भी ठानी है। वो खुद नष्ट हो गया। इतिहास इस बात का गवाह है। उन्होंने कहा कि अधिनायकवाद को बिहार ने ही रोका है। बौराई सत्ता को भी बिहार ने नकेल कसी है। यह सब इतिहास में दर्ज है। उन्होंने कहा कि यहीं से फिर वो अंगड़ाई हुई है।

शक्ति सिंह ने दावा किया कि भाजपा मुक्त बिहार हो जाएगा। 2024 में बिहार से बीजेपी का एक भी सांसद पार्लियामेंट नहीं पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी को बीजेपी ने पहले ही हाशिए पर डाल दिया है।