बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में रविवार को जदयू का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी। इसी सम्मलेन के दौरान जदयू के विधायक कौशल यादव दरी पर आराम फरमाते दिखे और पार्टी कार्यकर्ता उनके पैर दबाते दिखाई दिए। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिस पर सोशल मीडिया पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जदयू विधायक पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच लेटे हैं और उनके चारों तरफ कार्यकर्ता बैठे हुए हैं।

कुछ कार्यकर्ता विधायक कौशल यादव के पैर दबा रहे हैं। वहीं लेटे हुए विधायक का सिर पार्टी कार्यकर्ता की गोद में दिखाई दे रहा है। बता दें कि रविवार को हुए कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ ही जदयू ने औपचारिक रूप से इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।

रविवार को सीएम नीतीश कुमार का जन्मदिन भी है। जदयू के इस सम्मलेन में भारी भीड़ जुटी और बताया जा रहा है कि सम्मेलन के दौरान करीब 2 लाख लोगों की भीड़ गांधी मैदान में उमड़ी।

कहा जा रहा है कि जदयू ने आगामी चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया है। यही वजह है कि पार्टी नेताओं ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया। भीड़ को जुटाने के लिए बार बालाओं के डांस कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जदयू नेता ददन पहलवान के आवास पर भी डांस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं के खाने-पीने का भी खूब इंतजाम हुआ। इसी तरह कई अन्य विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी पूरी ताकत लगाकर कार्यकर्ताओं को जुटाने का प्रयास किया।

गौरतलब है कि बिहार में जदयू और भाजपा के गठबंधन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि नीतीश कुमार ने कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान साफ कर दिया है कि बिहार चुनाव में उनकी पार्टी एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। नीतीश कुमार ने चुनाव में 200 से ज्यादा सीटें जीतने का भी दावा किया। नीतीश कुमार ने बिहार में एनआरसी लागू नहीं करने की भी बात कही।