Bihar News: बिहार में जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक जदयू कार्यकर्ता ने नीतीश कैबिनेट के समाज कल्याण मंत्री मदन साहनी और परिवहन मंत्री शीला मंडल को अपना दुखड़ा सुनाया, लेकिन इसके बाद विवाद हो गया। इस पर युवक ने मंत्री को कह दिया कि क्यों काम कर रहे हैं। छोड़ दीजिए।
बताया जा रहा है कि युवक जेडीयू का ही कार्यकर्ता था। गुरुवार (20 अक्टूबर, 2022) को जेडीयू के जनता दरबार में अपनी समस्या को लेकर पहुंचा था। उसने कहा, ‘हम हैं तो आप हैं ये समझ जाइए, जब आपसे काम नहीं हो रहा है तो छोड़ दीजिए।’ इस दौरान मंत्री मदन साहनी भी भड़क गए। कहने लगे कि क्या करेगा? हटा देगा? हटा दो। फालतू बकवास करते हो। कार्यकर्ता के साथ मौजूद एक शख्स ने मंत्री मदन साहनी को जवाब देते हुए कहा कि बेइज्जत की बात नहीं है। इस पर मदन ने कहा कि ठीक से बोलिए। इस दौरान मंत्री और जेडीयू कार्यकर्ता के बीच कहासुनी होती रही।
जदयू कार्यकर्ता नीतीश कुमार के मंत्री मदन साहनी को बुरा-भला कहता रहा। कार्यकता की इस बयानबाजी से मंत्री सहनी भी काफी नाराज दिखे। ये पूरा घटनाक्रम चल ही रहा था कि मौके पर मीडियाकर्मी पहुंच गए। जिनके कैमरे में ये बहस का वीडियो कैद हो गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। लोग जदूय कार्यकर्ता को बाहर ले गए। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
बता दें, जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में हर सोमवार से लेकर शुक्रवार तक जनता दरबार लगाया जाता है। बीते गुरुवार को भी लगा था। हर बार की तरह इस बार भी दो मंत्री जनता दरबार में बैठकर आम लोगों से लेकर जेडीयू कार्यकर्ताओं तक की समस्या को सुन रहे थे। तभी यह पूरा घटनाक्रम सामने आया।
प्रशांत किशोर का नाम सुनकर भड़के नीतीश कुमार
वहीं प्रशांत किशोर लगातार बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर जुबानी हमला बोल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार फिर से एनडीए का हिस्सा हो सकते हैं। इन बयानों पर जब नीतीश कुमार से शुक्रवार को सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आप कृपा करके मुझसे उनके(प्रशांत किशोर) बारे में मत पूछिए। उस आदमी का नाम क्यों लेते हैं, वो ऐसे ही बोलता रहता है। अपनी पब्लिसिटी के लिए रोज बोलता रहता है। किसी जमाने में हम उसे बहुत मानते थे और अभी उसका मन करता है बोलने का तो बोलते रहे।”