बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले चलाए जा रहे वोटर लिस्ट SIR कार्यक्रम पर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। इस बीच भागलपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भागलपुर में रह रही पाकिस्तान की दो महिलाओं ने वोटर आईडी कार्ड बनवा लिए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गृह मंंत्रालय ने वीजा अवधि से ज्यादा समय तक भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता चला कि पाकिस्तान से भारत आई दो महिलाओं ने वोटर आईडी कार्ड बनवा लिए। इसकी पहचान इमराना खातून और फिरदौसिया खानम के रूप में हुई है। इन दोनों के नाम वोटर लिस्ट में भी मिले हैं।
गृह मंंत्रालय की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय पहुंचने के बाद एसएसपी स्तर पर जांच कराई गई। जांच में यह सामने आया कि फिरदौसिया खानम 19 जनवरी 1956 को 3 महीने के वीजा पर भारत आई थीं जबकि इमराना तीन साल के वीजा पर भारत आई थी।
भागलपुर के डीएम ने बताया कि दोनों महिलाओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा मोहम्मद असलम नाम का एक व्यक्ति पाकिस्तान से साल 2002 में दो साल के वीजा पर भारत आया था, उसने आधार कार्ड बनवाया है।
यह भी पढ़ें: जानिए चुनाव आयोग द्वारा बिहार में किए गए 2003 और 2025 के SIR में क्या अलग हुआ है