बिहार में पांचवें चरण में पांच सीटों पर वोटिंग हुई थी। पांचवें चरण के मतदान के बाद बिहार की सारण लोकसभा सीट पर जमकर हिंसा हुई है। बीजेपी और आरजेडी के समर्थक आपस में भिड़ गए। वहीं मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी भी हुई। इस घटना में तीन लोगों को गोली लगी है। एक व्यक्ति की गोली लगने के कारण मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।

दो दिन के लिए इंटरनेट बैन

सोमवार को वोटिंग के दौरान छपरा के भिखारी ठाकुर चौक इलाके में आरजेडी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य भी पहुंची थीं। इस दौरान भी बवाल हुआ था। घटना के बाद सारण एसपी गौरव मंगला ने कहा, “आरजेडी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। उसी को लेकर आज कुछ लोगों ने गोलीबारी की है। कार्यवाही की जा रही है। दो दिन के लिए इंटरनेट को भी बंद कर दिया गया है।”

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सोमवार को सारण के बूथ संख्या 318 पर रोहिणी आचार्य पहुंची थीं और यही से विवाद की शुरुआत भी हुई थी। वहीं आज फायरिंग का आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। इस घटना में चंदन राय की मौत हुई है। वहीं घायलों की पहचान गुड्डू राय और मनोज राय के रूप में हुई है।

एक व्यक्ति की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। गोली लगने के बाद सदर अस्पताल पहुंचने के साथ ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। हालांकि अभी माहौल शांत है।

रोहिणी आचार्य बनाम राजीव प्रताप रूडी की जंग

सारण लोकसभा सीट पर भाजपा ने राजीव प्रताप रूडी को मैदान में उतारा है तो वहीं आरजेडी ने रोहिणी आचार्य को उतारा है। 2019 और 2014 के चुनाव में भी बीजेपी के राजीव प्रताप रूडी ने जीत हासिल की थी। 2014 में राजीव प्रताप रूडी ने यहां से राबड़ी देवी को हराया था। 2009 के लोकसभा चुनाव में लालू यादव ने यहां से जीत दर्ज की थी। लालू यादव ने राजीव प्रताप रूडी को हराया था। सारण लोकसभा सीट पर बीजेपी और आरजेडी के बीच राजनीतिक लड़ाई होती है।